प्रचार खत्म होने के चौबीस घंटे पहले इस सीट का माहौल बदल जायेंगे पीएम मोदी, जानें भाजपा की खास रणनीति
बाराबंकी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 15 मई को होने वाली जनसभा अब 17 मई को यानी चुनाव प्रचार खत्म होने के लगभग चौबीस घंटे पहले होगी। पीएम के कार्यक्रम में बदलाव के पीछे भाजपा की एक खास रणनीति समझी जा रही है। इंडी गठबंधन से सपा मुखिया अखिलेश यादव की रैली 12 मई को होनी है। संभावना यह भी जताई जा रही है कि पूर्व सीएम अखिलेश यादव की रैली के बाद कांग्रेस के युवराज कहे जाने वाले राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा व राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे गठबंधन प्रत्याशी तनुज पुनिया के पक्ष में सभा कर सकते हैं। इन बड़े नेताओं की जनसभा से कांग्रेस के पक्ष में मतदाताओं का रुझान और होने वाली भीड़ को लेकर भी पीएम के कार्यक्रम में बदलाव होना कहीं न कहीं रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
राजनैतिक विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में इंडी गठबंधन के बड़े नेताओं द्वारा माहौल बनाकर एक बड़ा वोट बैंक जो हवा के रुख को भांप कर वोट करता है, उसे कांग्रेस के पाले में दिलाने की कोशिश की जाएगी। यही कारण है कि भाजपा प्रत्याशी राजरानी रावत के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 15 मई को होनी वाली जनसभा 17 मई यानी चुनाव प्रचार खत्म होने से चौबीस घंटे पहले रखने की खास रणनीति बनाई गई है। मोदी की जनसभा के बाद बाराबंकी सहित अयोध्या संसदीय क्षेत्र दरियाबाद विधानसभा तक इसका प्रभाव मतदाताओं के बीच देखने को मिलेगा। यही कारण है कि अखिलेश यादव की रैली के असर को बेअसर करने के लिहाज से लगातार दो जनसभा संबोधित करने के बाद भी सूबे के मुख्यमंत्री तीसरी बार पीएम के साथ मंच पर मौजूद रहेंगे।
एक तरफ जहां पीएम मोदी केंद्र सरकार की योजनाओं और राष्ट्रीय मुद्दों पर मतदाताओं को रिझाएंगे वहीं सीएम योगी प्रदेश की अपराध व अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉरलेंस नीति के साथ जातीय आधार पर बंटे हुए मतदाताओं का साधनें का काम करेंगे। पीएम के अचानक कार्यक्रम में बदलाव को लेकर जिले में दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। कहीं न कहीं पीएम की रैली का दिन बदलकर अन्य पार्टियों द्वारा बनाई गई राजनीतिक व्यूह रचना को भेदने का काम भी किया गया है। हालांकि ऐसा ही नहीं कि सिर्फ भाजपा ही इस रणनीति पर काम कर रही है बल्कि इंडी गठबंधन के प्रत्याशी भी बीजेपी की रणनीति पर नजरें गड़ाए हुए हैं।
बदला कार्यक्रम
पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब प्रधानमंत्री की जनसभा 17 मई को होगी। जनसभा स्थल वहीं रहेगा। समय सुबह साढ़े आठ पीएम के आने का कार्यक्रम है। पीएम के साथ सीएम योगी भी रहेंगे। पीएम की रैली के बाद बाराबंकी व अयोध्या समेत तमाम सीटों पर भाजपा के पक्ष में माहौल और मजबूत होगा। साथ ही विरोधियों के भी होसले पस्त होंगे। मुख्यमंत्री की दरियाबाद व हैदरगढ़ में भी जनसभाएं हैं।-अवनीश कुमार सिंह, एमएलसी व जिला प्रभारी
ये भी पढ़ें -लखनऊ में सीएम योगी ने की जनसभा, बोले- पूरे देश में पीएम की लहर, चल रही भाजपा की सुनामी
