Kanpur: नौबस्ता गल्ला मंडी में मतदानकर्मियों ने सड़क जाम की, शटल सर्विस फेल, जिला निर्वाचन आयोग के खिलाफ की नारेबाजी
कानपुर के नौबस्ता गल्ला मंडी में मतदानकर्मियों ने सड़क जाम की
कानपुर, अमृत विचार। पोलिंग पार्टियों के लिए नवीन गल्लामंडी स्थल से पार्किंग स्थल तक करीब डेढ़ किलोमीटर जाने के लिए जारी की गई शटल सेवा रविवार को बुरी तरह से धड़ाम हो गई। ईवीएम लेकर मतदानकर्मी घंटों सड़क पर खड़े रहे, लेकिन उन्हें बस तक जाने के लिए कोई साधन नहीं मिला।
शटल सेवा के इंतजार में घंटों खड़े रहने के बाद मतदानकर्मी मजबूरन चिलचिलाती धूप में पैदल जाने को मजबूर हुए। शटल सेवा में लगे वाहन इक्का दुक्का आए तो मतदानकर्मियों में भगदड़ मच गई।
परेशान होकर मतदानकर्मियों के सब्र का बांध टूटा और उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट की गाड़ी रोक कर जाम लगा दिया। अव्यवस्थाओं से नाराज मतदानकर्मियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
चौथे चरण के मतदान को लेकर रविवार को नौबस्ता स्थित नवीन गल्लामंडी स्थल से तमाम अव्यवस्थाओं के बीच पोलिंग पार्टियों की रवानगी की हुई। पोलिंग पार्टियों को बूथ तक मतदान स्थल तक पहुंचाने के लिए नवीन गल्लामंडी से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर संत निरंकारी धाम में बसों की पार्किंग व्यवस्था की गई थी।
पोलिंग पार्टियों को गल्लामंडी से पार्किंग स्थल तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से शटल सेवा की व्यवस्था लागू की गई थी। रविवार दोपहर करीब एक बजे गल्लामंडी के बाहर सैकड़ों की संख्या में पोलिंग पार्टियां शटल सेवा के इंतजार में भीषण धूप में खड़ी दिखी।
नवाबगंज सीएसए स्थित पोलिंग बूथ में ड्यूटी में तैनात नवीन पांडेय ने बताया कि करीब एक घंटे से शटल सेवा का इंतजार कर रहे, लेकिन एक भी वाहन उपलब्ध नहीं हो पा रहा, उनके साथ महिला मतदानकर्मी भी थी, जो धूप में परेशान हो रही थीं।
महिलाकर्मी बोली कि भीषण गर्मी की वजह से ड्यूटी में लगे कई कर्मियों की हालत बिगड़ गई, पीने को ठंडा पानी तक नहीं मिल रहा है। सीसामऊ विधानसभा में ड्यूटी को जा रहे रामबाबू का कहना था कि पिछले चुनाव में गल्लामंडी के पास से ही बसें रवाना हो रहीं थी, जबकि इस चुनाव में बहुत दूर से बसों का संचालन किया जा रहा, जिससे काफी असुविधा हो रही।
गोविंद नगर रामलला में ड्यूटी में जा रहे राजकुमार, नारायण कुमार, रेखा सेन, रामआसरे यादव ने बताया कि घंटों इंतजार के बाद इक्का दुक्का वाहन आ रहे है। जिनकों देखते ही एकदम भगदड़ मचती है, वाहनों में भूसें की तरह मतदानकर्मियों को भरा जा रहा है।
कैंधा चुनाव ड्यूटी में जा रहे जितेंद्र सिंह व कल्याणपुर विधानसभा स्थित बूथ पर जाने वाले पीयूष कुमार ने बताया कि वाहन न मिलने पर ऑटो व ई-रिक्शा चालकों से संपर्क किया तो वह तीन सौ रुपये मांग रहे है, अब पैदल की जाएंगे।
कई घंटों तक इंतजार के बाद मतदानकर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट की गाड़ी रोक कर जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि कई घंटे से बस के इंतजार में खड़े है, लेकिन कोई व्यवस्था नहीं की जा रही।
हंगामें की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मतदानकर्मियों को शांत करा शटल बसों से रवाना किया गया। एसीपी नौबस्ता मंजय सिंह ने बताया कि मतदानकर्मी सेक्टर मजिस्ट्रेट के वाहन से जाना चाहते थे, लेकिन सेक्टर मजिस्ट्रेट दूसरे क्षेत्र में जा रहे थे, जिस पर उन्होंने हंगामा किया। पोलिंग पार्टियों को दूसरे शटल सेवा से रवाना किया गया है।
