रामपुर: घरेलू विवाद में पति ने पत्नी का गला घोंटकर की हत्या, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव मेघानगला का मामला

रामपुर/धमोरा, अमृत विचार। घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम फैजनगर निवासी संजीव कुमार का कहना है कि मेरी बहन मंजू उम्र 35 वर्ष की शादी करीब 17 साल पहले शहजादनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मेघानगला निवासी  रोहन सिंह से हुई थी। आरोप है कि मेरी  बहन का पति उसको आए दिन मारता-पीटता रहता था। जब भी वह अपने मायके आती थी तो वह अपनी मां बृजेश कुमारी तथा मेरे चाचा महेशपाल से अपने घर की आप बीती सुनाती थी। लेकिन उसका घर न बिगड़े इस कारण हम लोग उसको समझा-बुझाकर पति के घर भेज दिया करते थे। दोनों में झगड़ा होता रहता था। जिसके चलते रविवार को करीब 11 बजे पति ने गला दबाकर हत्या कर दी। 

जानकारी मिलने के बाद मायके वाले मौके पर पहुंच गए थे। उसके बाद पुलिस भी आ गई थी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं तहरीर के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंजू की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जबकि गांव में तरह- तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पति गुजरात में मजदूरी करता था  कुछ दिन पहले ही वह घर आया था। किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद होना चर्चा का विषय बना हुआ है। 

मातृ दिवस वाले दिन तीन बच्चें हो गए अनाथ 
जहां एक ओर पूरे देश में मातृ दिवस मनाया जा रहा हैं। बच्चे अपनी मां का मातृ दिवस की बधाई दे रहे हैं तो वहीं पति ने रविवार को अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक मंजू के तीन बच्चे हैं  जिसमें दो लड़के हैं एक पांच साल तो दूसरा तीन साल का है। जबकि, एक लड़की है उसकी उम्र आठ साल बताई जा रही है। मां की मौत के बाद तीनों अनाथ हो गए हैं। पति के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वह जेल चला जाएगा  अब तीनों बच्चों  की देखभाल कौन करेगा। जबकि पति राजस्थान में मेहनत करके परिवार का पेट पालता था।

पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के मामले में आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।  हत्या की वजह घरेलू कलह हो सकती है- अमरनाथ वर्मा, प्रभारी, थाना शहजादनगर ।

ये भी पढे़ं- रामपुर : तपिश से बेहाल रहे लोग, आसमान में मंडराए बादल...वर्षा होने का अनुमान

संबंधित समाचार