Etawah: तालाब में मिला अधेड़ का सड़ा-गला शव, गांव में फैली सनसनी, ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका, नहीं हो सकी मृतक की पहचान
चार पांच दिन पहले शव फेंके जाने का अनुमान
इटावा (बकेवर), अमृत विचार। रविवार को तालाब में अज्ञात अधेड़ का शव देखे जाने पर गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने उसकी पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। गांव वालों ने हत्या करके शव फेंके जाने की आशंका प्रकट की।
लवेदी थाना क्षेत्र में गांव ईकरी में लखना से ईकरी नवादा मार्ग पर मंदिर किनारे स्थित पंचायत के तालाब किनारे पर कुत्ते कुछ नोचते नजर आए इस पर लोगों ने उधर जाकर देखा तो शव से बदबू आ रही थी। सूचना लवेदी थाना पुलिस को दी गई जिस पर लवेदी थाना प्रभारी सनत कुमार चौधरी फोर्स के साथ मौके पर आ गए। गांव वालों की मदद से तालाब से में पड़े सड़े गले शव को बाहर निकलवाया।
शव किसी 55 वर्षीय अधेड़ का निकला जिसकी भीड़ होने के बावजूद पहचान नहीं हो सकी। गांव वालों ने किसी अन्य स्थान पर अधेड़ की हत्या करके शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। लवेदी थाना प्रभारी ने बताया शव पांच से छह दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। शव पानी में पड़ा रहने की वजह से काफी सड़ गल गया है। आगामी 72 घंटे तक उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा तब मौत का कारण स्पष्ट होगा, उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
