सुल्तानपुर : मतदान 25 को लेकिन आज से ही यह मतदाता घर बैठे डाल सकेंगे वोट
105 कार्मिक घर जाकर कराएंगे मतदान, बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं को घर पर ही वोट देने का मिलेगा मौका
संवाददाता, सुलतानपुर, अमृत विचार। वैसे तो जिले में छठवें चरण में 25 मई को मतदान होना है, लेकिन मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर निर्वाचन आयोग ने नई पहल की है। मतदान केन्द्र तक पहुंचने में असमर्थ बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं को कार्मिक घर-घर जाकर पोस्टल बैलेट से मतदान कराएंगे। जिसकी सोमवार से शुरुआत होगी।
मतदान प्रतिशत की बढ़ाने के निर्वाचन आयोग के निर्देश पर लेखपाल घर-घर जाकर 85 प्लस के बुजुर्ग व 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग मतदाताओं को चिन्हित किया है। साथ ही फार्म 12 डी भरवा पोस्टल बैलेट के साथ घर पर ही मतदान की सुविधा प्रदान की। जिसके लिए पांच मई को मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया। पोस्टल बैलेट के माध्यम से घर जा मतदान कराने के लिए कुल 35 टीमों का गठन किया गया है। मतदान कार्मिक सोमवर से गुरुवार तक सुबह सात बजे से शाम साढ़े सात बजे तक घर घर जाकर पोस्टल बैलेट से मतदान करवाएंगे। उसी दिन कोषागार में जितना मतदान हुआ रहेगा, उसको जमा कराएंगे।
विधानसभा वार लगाए है कार्मिक
नोडल अधिकारी पोस्टल बैलेट/अपर उप जिलाधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि कुल 35 टीम बनाई गई है। जो जिले के 85 प्लस बुजुर्ग 445 मतदाता, 40 प्रतिशत से अधिक 298 दिव्यांग मतदाताओं को पोस्टल बैलेट से मतदान करवाएंगे। 13 मई से शुरू होकर 16 मई तक यह मतदान प्रक्रिया चलेगी।
विधानसभा 187-इसौली के लिये 05 टीमें, विधानसभा 188-सुलतानपुर के लिए 09 टीमें, विधानसभा189-सदर जयससिंहपुर के लिये 05 टीमें, विधानसभा 190-लम्भुआ के लिये 04 टीमें, विधानसभा 191-कादीपुर के लिये 07 टीमें गठित की गई हैं। जो सुबह सात बजे से शाम साढ़े सात बजे तक घर घर जाकर पोस्टल बैलेट से मतदान कराएंगे।
