Kanpur: मतदान केंद्रों पर मिलेगी मेडिकल सुविधा, युवा-दिव्यांग और पिंक बूथ होंगे तैयार, मतदाताओं को इन बातों का रखना होगा ध्यान...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। चिलचिलाती धूप व लू से निपटने के लिए बूथों पर इस बार मेडिकल किट उपलब्ध रहेगी। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए यह प्रबंध किया है। वहीं मतदान कार्यों में लगे कर्मियों, सुरक्षा जवानों के स्वास्थ का भी ध्यान रखा गया है। इस बार मतदान कर्मियों को भी कैसलेस इलाज की सुविधा है। 

वोटर हेल्पलाइन से निकाले पर्ची 

मतदाताओं के लिए वोटर हेल्पलाइन एप ऑल-इन-वन एप है। इस एप पर कई सुविधाएं मिलेंगी। जैसे मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। मतदाता पर्ची डाउनलोड कर सकते हैं। प्रिंट निकालकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। 

युवा-दिव्यांग और पिंक बूथ होंगे तैयार 

जिले में दोनों लोकसभा क्षेत्र में एक-एक युवा और दिव्यांग बूथ बनाए गए हैं। वहीं हर विधानसभा में एक पिंक बूथ तैयार किया गया है। इसके अलावा हर विधानसभा में तीन मॉडल बूथ बनाए गए हैं। जिले में कुल 30 मॉडल बूथ होंगे। इन बूथों को शेल्फी लेने लायक बनाया जाएगा। फूल व गुब्बारों से सजावट होगी। 

दोनों दिव्यांग बूथ किदवईनगर विधानसभा में यूपी किराना सेवा समिति और कल्याणपुर विधान सभा में वीरेंद्र स्वरुप एजुकेशन सेंटर शारदा नगर में है। युवा बूथ कैंट विधानसभा में फेथफुलगंज और महाराजपुर विधानसभा में गुरु हरराय एकेडमी में बनाया गया है। 

एनआरआई सिटी के एसी हाल में मॉडल बूथ 

बिठूर स्थित एनआरआई सिटी के एसी हाल में मॉडल बूथ बनाया गया है। एनआरआई सिटी बिठूर में पहली बार एसी बूथ बनाया गया है। यहां सुविधाओं और सहूलियत का ध्यान दिया गया है। 

2027 बूथों पर होगी वेबकास्टिंग

जिले के वल्नरेबल और क्रिटिकल बूथों समेत 2027 बूथों पर इस बार वेबकास्टिंग कराई जाएगी। मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग टीमों ने पूरा सेटअप तैयार कर लिया है। इन वेबकास्टिंग सेंटरों को कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। जहां से निगरानी की जाएगी। 

मतदाता इन बातों का रखे ध्यान 

सोमवार को मतदान के लिए बूथों पर पहुंचने वाले मतदाता बूथ से 200 मीटर पहले अपने वाहन खड़े करेंगे। वाहन ले जाने की अनुमति है, लेकिन 200 मीटर दायरे के बाहर तक। वहीं मतदान केंद्र से 100 मीटर के दायरे में मोबाइल ले जाने की अनुमित नहीं है। मतदान केंद्र या उसके समीप शस्त्र सहित जाना प्रतिबंधित होगा। अधिकृत सुरक्षाकर्मियों के अलावा कोई भी मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे मे शस्त्र के साथ प्रवेश नहीं करेगा। केवल जेड सुरक्षा के तहत एक सुरक्षाकर्मी कपड़ों में हथियार छिपाकर मतदान परिसर तक जाएंगे। 

बूथों पर 500 व्हील चेयर 

दिव्यांग मतदाताओं की सहूलियत के लिए इस बार जिले के बूथों पर 500 व्हील चेयर उपलब्ध कराई गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि ऐसे दिव्यांग मतदाता जो बगैर सहारे के नहीं चल सकते हैं, उन्हें व्हील चेयर की मदद से बूथों के अंदर तक ले जाया जाएगा। दिव्यांगों की मदद के लिए कर्मियों को बूथों पर तैनात किया गया है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: 36 लाख मतदाता 21 प्रत्याशियों का तय करेंगे भविष्य; कानपुर सीट से 11 और अकबरपुर सीट से 10 प्रत्याशी ठोक रहे ताल

संबंधित समाचार