सुलतानपुर: दो गांवों में चार घरों से 70 लाख की चोरी, जांच में जुटी पुलिस  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बभनगंवा में फौजी व बेलामोहन में प्रधानाध्यापक के घर चोरी

सुलतानपुर, अमृत विचार। कोतवाली देहात के दो अलग-अलग गांव से फौजी व प्रधानाध्यापक सहित चार घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। चोरों ने करीब 70 लाख रुपए के गहनों और नगदी पर हाथ साफ किया है।

कोतवाली देहात के गोमती नदी किनारे बभनगंवा निवासी हरिशंकर पांडेय के बेटे सुरेश पांडेय टीसीआई व छोटे बेटे रमेश पांडेय आर्मी में नौकरी कर अंबाला में तैनात है। घर पर माता पिता बरामदे में सो रहे थे। रविवार की रात चोर मकान का ताला आरी से काटकर अंदर घुसे तथा दोनों भाइयों के कमरे व अलमारी का लाकर तोड़कर तीन महिलाओं के हार, जंजीर, नथुनी, कीली, कड़ा, व अन्य जेवरात सहित करीब 23 लाख के जेवरात व एक लाख नकदी तथा 50 हजार के पीतल के बर्तन चोरी कर लिए। 

बगल में ही दिनेश सिंह उर्फ बंटी सिंह के घर चोर दीवार की खिड़की की सरिया काटकर घर में घुसे। महिलाओं के चूड़ी, हार, जंजीर, पायल, माथबेंदी सहित 10 लाख के जेवर व नकदी व सामानों की चोरी कर ली। करीब तीन किलोमीटर दूर बेलामोहन गांव में भी चोरों ने दो घरों में 30 लाख की चोरी की है। बेलामोहन निवासी इंटर कालेज के रिटायर प्रधानाध्यापक हरीराम सिंह के दो बेटे अनिल सिंह और सचिन सिंह बाहर रहते हैं। घर में उनकी मां कुसुम तथा चचेरे भाई नितिन मौजूद थे। चोर पीछे की दीवार से घर में आऐ तथा अनिल और सचिन सहित दोनों कमरों का ताला तोड़कर अलमारी व बक्सों में रखे जेवरात व सामान सहित करीब 20 लाख की चोरी कर ली। इसके बाद चोरों ने बगल ही सीएचओ रीना सिंह पत्नी राकेश सिह के घर छत से आंगन जाल हटाकर अंदर घुस गये। घर के लोग बाहर बरामदे मे सोए थे। इसका फायदा उठाकर चोर अंदर से दरवाजा बंदकर दो कमरों के अलमारी व लाकर तोड़कर करीब 12 लाख के जेवरात व नकदी की चोरी कर ली है। 

सुबह दो गाँव के चार घरों मे बड़ी चोरी की वारदात की सूचना मिलते ही लोग एकत्रित हो गये। सूचना पर देहात कोतवाल सतेन्द्र कुमार सिंह मौके पर पुलिस टीम के साथ पहुंचकर चारों घरो की छानबीन व पूछताछ की है। दो घंटे बाद मौके पर फोरेंसिक और डाग स्क्वाड की टीम भी पहुंचकर चोरी की घटना की जांच पड़ताल मे जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें -गोंडा: चाचा की बेटी से करना चाहता था निकाह, पिता ने किया विरोध तो सोते समय कर दी हत्या

संबंधित समाचार