बरेली: मूकबधिर बच्चे को दिया जन्म तो पति ने दिया तीन तलाक
बरेली, अमृत विचार। तीन तलाक पर कानून बनने और सजा का प्रावधान होने के बाद भी तलाक के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। दो दिन पहले बरेली जिले में एक ही दिन में दो मामले सामने आए थे। अब संभल में एक महिला को उसके पति ने सिर्फ इस वजह से तलाक दे दिया …
बरेली, अमृत विचार। तीन तलाक पर कानून बनने और सजा का प्रावधान होने के बाद भी तलाक के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। दो दिन पहले बरेली जिले में एक ही दिन में दो मामले सामने आए थे। अब संभल में एक महिला को उसके पति ने सिर्फ इस वजह से तलाक दे दिया कि उसने मूकबधिर बच्चे को जन्म दिया है। यही नहीं, आरोपी पति ने दूसरी शादी भी कर ली।
महिला को जब पति के दूसरे निकाह की जानकारी हुई तो उसने विरोध किया। इसके बाद पति ने महिला को तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। महिला ने एडीजी बरेली जोन से मामले की शिकायत की तो उनके आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
संभल जिले के थाना बलिया ढेर क्षेत्र के गांव मानकपुर नरौली निवासी जुबेर ने एडीजी जोन अविनाश चंद्र को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि माता-पिता की मौत के बाद उसने अपनी छह बहनों का पालन पोषण कर सभी का निकाह किया। सबसे छोटी बहन फरजाना उर्फ बिस्मिल्लाह का निकाह 17 नवंबर 2015 को मो. शफी पुत्र जान मोहम्मद से किया था। शादी में मिले दहेज से परिवार के लोग खुश नहीं थे। मायके से कारोबार के लिए 10 लाख रुपये लाने का दबाव डाल रहे थे।
जुबेर ने बताया कि उसकी बहन ने तीन साल पहले एक बेटे को जन्म दिया था। जो बचपन से ही बोलने और सुनने में असमर्थ था। इसके बाद ससुराल के लोग उसे मूकबधिर बच्चा पैदा होने पर ताने देने लगे। इसी दौरान महिला का पति दिल्ली में रहकर कारोबार करने लगा।
महिला ने बताया कि उसके पति ने दिल्ली में ही चोरी-छुपे दूसरी शादी कर ली। जब महिला को इसकी जानकारी हुई तो उसने विरोध किया। इस पर पति ने उसे तीन तलाक बोलकर मारपीट करने के बाद घर से निकाल दिया। महिला की तहरीर पर संभल पुलिस ने युवक पर रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
