कुतुबखाना पुल: जाम की चिंता छोड़ शुरू की सौंदर्यीकरण की तैयारी, वाल पेटिंग के साथ लुभाएंगी एलईडी लाइटें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फाइल फोटो

बरेली, अमृत विचार: जाम की जिस समस्या से निजात दिलाने के लिए 110 करोड़ की लागत से कुतुबखाना पुल बनाया गया था, वह उसके बाद भी खत्म नहीं हुई। पुल का निर्माण पूरा होते ही उसकी सर्विस लेन अवैध कब्जों से घिर गई। पुलिस-प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद ऑटो और ई रिक्शा की भरमार भी कम नहीं हुई। 

पुल के नीचे अक्सर लगने वाला भीषण जाम अब भी लोगों का इम्तहान ले रहा है लेकिन उसका कोई हल ढूंढने के बजाय स्मार्ट सिटी कंपनी और नगर निगम ने पुल के नीचे सौंदर्यीकरण की तैयारी शुरू कर दी है। कहा जा रहा है कि इस सौंदर्यीकरण से पुल को नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 13 मार्च की शाम को स्मार्ट सिटी कंपनी की ओर से बनवाए गए कुतुबखाना पुल का उद्घाटन किया था और उसी दिन इस पुल के साथ आसपास की कई सड़कों पर लगे भीषण जाम ने इशारा कर दिया था कि जाम खत्म करने के लिए पुल के निर्माण पर 110 करोड़ खर्च करने के बजाय इन सड़कों से अतिक्रमण हटाना ज्यादा जरूरी था। उद्घाटन के बाद जब कई दिनों तक भीषण जाम लगता रहा तो कमिश्नर समेत कई अधिकारियों ने दौरा किया। इस दौरे में अलग-अलग प्वाइंट पर जाम लगने के कारण देखे गए जिसके बाद कई निर्देश भी जारी किए गए लेकिन उन पर भी पूरी तरह काम नहीं हो पाया। नतीजा यह है कि पुल के नीचे अब तक अक्सर जाम लग रहा है।

स्मार्ट सिटी कंपनी दो महीने बाद भी जाम की समस्या का कोई हल तो नहीं ढूंढ पाई लेकिन अब कुतुबखाना पुल को नई पहचान देने का दावा करते हुए उसके नीचे सौंदर्यीकरण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंगलवार को स्मार्ट सिटी, नगर निगम और कार्यदायी कंपनी के अधिकारियों ने इस संबंध में बैठक कर कार्ययोजना तय करने के लिए विस्तार से चर्चा की।

इसमें पुल के नीचे सड़कों के किनारे बाउंड्री वाल पर भी वाल पेंटिंग कराने समेत सौंदर्यीकरण के लिए कई निर्णय लिए गए। तय हुआ कि बुधवार को स्मार्ट सिटी और नगर निगम के अधिकारी मौके का निरीक्षण भी करेंगे।

फिलहाल तय हुआ है कि कुतुबखाना पुल को खूबसूरत बनने के लिए उसके नीचे सड़क को और बेहतर तरीके से बनाया जाएगा। नॉवल्टी चौराहे से कोहाड़ापीर तक सड़क के किनारों को भी सजाए जाने की योजना है। सड़क के किनारे फुटपाथ को सुंदर रूप दिया जाएगा। पिलर और दीवारों पर वाल पेंटिंग के साथ टाइल्स लगाई जाएंगी। पुल के नीचे पार्किंग की व्यवस्था करने के साथ एक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा। सड़क के दोनों ओर एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।


कुतुबखाना पुल के नीचे सौंदर्यीकरण कराने के लिए बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी की टीम के साथ बैठक हुई है। अब मौके का निरीक्षण किया जाएगा। काम शुरू करने के लिए चुनाव आचार संहिता खत्म होने का इंतजार किया जा रहा है---एसके सिंह, अपर नगर आयुक्त।

यह भी पढ़ें- बरेली: किसान आंदोलन...मुरादाबाद मंडल की 66 ट्रेनें 16 मई तक डायवर्ट

 

संबंधित समाचार