कांग्रेस पर CM योगी का बड़ा हमला, बोले-सच बोलने की आदत डालें कांग्रेस अध्यक्ष, विपक्ष करता है बंटवारे की राजनीति 

कांग्रेस पर CM योगी का बड़ा हमला, बोले-सच बोलने की आदत डालें कांग्रेस अध्यक्ष, विपक्ष करता है बंटवारे की राजनीति 

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ में आज इंडिया गठबंधन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। खड़गे ने कहा कि भाजपा लोकसभा में दो सौ सीट भी नहीं जीत पाएगी। जबकि अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का रथ फंस नहीं बल्कि धंस गया है। इसके जवाब में सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सच बोलने की आदत डालनी चाहिए। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का वैसे भी सफाया है। कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, इन्होंने हमेशा बंटवारे की राजनीति की है। कांग्रेस का इतिहास है देश को पहले बांटा, फिर जाति, मत और मजहब के आधार पर बांटा, क्षेत्र और भाषा के आधार पर बांटा। 

सीएम योगी ने कहा कि आज फिर ये उसी प्रकार की विभाजन की राजनीति करना चाहते हैं, झूठ बोलकर गुमराह करने की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि साल 2012 में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उन्होंने कहा था कि यहां जितने भी दलित महापुरुषों के स्मारक बने हुए हैं इन्हें तोड़कर कोई दूसरी चीज बनाएंगे। सीएम ने आरोप लगाया कि बांटो और राज करो के कांग्रेस के सिद्धांत का अनुसरण आज इनका गठबंधन कर रहा है। संविधान में जितना संशोधन और जितनी छेड़छाड़ कांग्रेस ने की इतना किसी ने नहीं किया। आज भी कांग्रेस और सपा इस प्रकार का षड्यंत्र कर रहे हैं जो देश और समाज के लिए अपूरणीय क्षति हो सकती है। 

सीएम योगी ने कहा कि इंडी गठबंधन राम विरोधी है। ये अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ी जाति को मिलने वाले आरक्षण के विरोधी हैं। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश सशक्त हुआ है और लोकसभा चुनावों में जनता अपना पूरा आशीर्वाद हमे देने जा रही है। 

ये भी पढ़ें -Video: BJP का रथ फंस नहीं बल्कि धंस गया है, प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले अखिलेश यादव, अमृत विचार के सवाल पर कहा-हमारी आपकी अलग से होगी क्लास