गोंडा : 1996 की तरह वर्ष 2024 में भी मेरे साथ हुआ षडयंत्र- टिकट कटने पर बोले बृजभूषण
चुनावी जनसभा में भावुक हुए सांसद, कहा -600 किमी दूर बैठकर रची जा रही राजनैतिक कैरियर खत्म करने की साजिश
गोंडा, अमृत विचार। भाजपा से टिकट कटने के बाद सांसद बृजभूषण शरण सिंह का दर्द एक बार फिर छलका है। सांसद ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 1996 की तरह एक बार फिर से उनके साथ षड़यंत्र रचा गया। गोंडा से 600 किमी दूर बैठकर उनका राजनैतिक जीवन खत्म करने की साजिश रची जा रही है लेकिन साजिश रचने वाले सफल नहीं होंगे। होइहै वही जो राम रचि राखा। बोलते बोलते सांसद भावुक भी हो गए। फिर कहा कि वह पिछले डेढ़ साल से संकट का सामना कर रहे हैं लेकिन इसका जवाब आप सबको बेटे करन भूषण को विजयी बनाकर देना है।
कैसरगंज से लगातार तीन बार सांसद रहे बृजभूषण शरण सिंह महिला पहलवानों की तरफ से लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे हैं। पुलिस की चार्जशीट के आधार पर कोर्ट ने उनपर मुकदमा चलाए जाने का पर्याप्त आधार माना है और उन पर आरोप तय कर दिए हैं। इस मामले के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इस बार कैसरगंज से बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काटकर उनके बेटे करन भूषण सिंह को प्रत्याशी बनाया है। बृजभूषण शरण सिंह बेटे की जीत पक्की करने के लिए लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भावुक होकर कहा कि समय-समय पर उनके साथ खड्यंत्र होता रहता है। 1996 मैं खड्यंत्र हुआ था। तब मेरी पत्नी सांसद बनी थी। अब 2024 में खड्यंत्र हुआ है तो बेटा सांसद बनने जा रहा है। भावुक भाजपा सांसद ने मंच से कहा कि डेढ़ साल से उनका शरीर पत्थर हो चुका है, इतने वार हुए हैं इस शरीर के ऊपर। कि सोचता हूं कि बिना गलती के किस बात की सजा पा रहा हूं। सवा साल से मैं क्या झेल रहा हूं। तो देख रहा हूं कि 33 साल की उम्र में हम सांसद बने थे और 33 साल की उम्र में हमारा बेटा भी सांसद बनने जा रहा है। सांसद ने कहा कि 600 किमी दूर बैठकर उनका राजनैतिक जीवन खत्म करने की साजिश रची जा रही है, लेकिन साजिश रचने वाले सफल नहीं होंगे। होइहै वही जो राम रचि राखा।
अल्पसंख्यक संवाद कार्यक्रम में कहा कि- मेरा आपका डीएनए एक ही
बेटे करन भूषण की चुनावी प्रचार के दौरान अल्पसंख्यक संवाद कार्यक्रम को संबोधित रहते हुए सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा मुस्लिम युवाओं से कहा कि मेरा आपका डीएनए एक ही है। इसलिए ऊसर में बीज मत बोएं। ऊसर में बीज बोने से फायदा नहीं है। इस संकटकाल में सभी एकजुट होकर मतदान करें और उनका सम्मान वापस दिलाने का काम करें।
