गोंडा : क्लीनिक से महिला सफाईकर्मी के प्रेमी ने किया हाथ साफ, सीसीटीवी में घटना कैद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नगर कोतवाली क्षेत्र के छेदीपुरवा स्थित अरुणिमा आई केयर का मामला, रिपोर्ट नहीं दर्ज कर रही पुलिस

गोंडा, अमृत विचार।  नगर कोतवाली क्षेत्र के छेदीपुरवा स्थित अरुणिमा आई केयर हॉस्पिटल में काम करने वाली एक महिला सफाईकर्मी का ब्वायफ्रेंड डॉक्टर के केबिन में रखा गुल्लक समेत 1.22 लाख रुपया लेकर चंपत हो गया। रुपयों से भरे गुल्लक के स्थान पर युवक वैसा ही एक गुल्लक रख गया। युवक की यह करतूत हॉस्पिटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी। डॉक्टर ने जब सीसीटीवी कैमरे का फुटेज चेक किया तो युवक की करतूत सामने आई। मामले में पीडित डॉक्टर ने आरोपी के खिलाफ नगर कोकवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की तलाश कर रही है‌। 

मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के नगरा पलटीलाल के रहने वाले करुणेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक  उनका नगर कोतवाली क्षेत्र के छेदीपुरवा में अरुणिमा आई केयर एंड आयुर्वेद सेंटर के नाम से अस्पताल है। अस्पताल में साफ सफाई करने के लिए उन्होने आसरा आवास कालोनी की रहने वाली महिला सावित्री देवी को रखा हुआ है‌। करुणेश का कहना है कि सावित्री के साथ अक्सर उसका ब्वायफ्रेंड युवराज भी अस्पताल आता था‌। कई बार उन्होने युवराज के अस्पताल आने पर आपत्ति भी जताया लेकिन वह नहीं माना।

9 मई की सुबह युवराज उनके घर आया और क्लीनिक का सफाई करने के लिए चाभी मांगी । बताया कि सावित्री सफाई करने के लिए चाभी मांग रही है‌। इस पर उन्होने युवराज को चाभी दे दी। चाभी मिलने के बाद युवराज क्लीनिक पहुंचा और उनकी केबिन में रखा रुपयों से भरा गुल्लक लेकर चंपत हो गया। गुल्लक की जगह पर वह उसी तरह एक दूसरा गुल्लक रख गया। करुणेश ने बताया कि जब वह क्लीनिक पहुंचे तो गुल्लक देखकर उन्हें शंका हुई। उठाकर देखा तो वह खाली था।

जब उन्होने अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे का फुटेज चेक किया तो पता चला कि युवराज गुल्लक लेकर चला गया है। करुणेश ने बताया कि गुल्लक में करीब 1.22 लाख रुपये थे। यह पैसा वह गरीबों और असहाय लोगों के लिए इकट्ठा कर रहे थे। मामले में करुणेश ने आरोपी के खिलाफ नगर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी कोतवाल ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है‌।

संबंधित समाचार