मुरादाबाद: मिशन शक्ति से बढ़ेगी महिला और बालिका सुरक्षा
मुरादाबाद,अमृत विचार। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान रैली को कलेक्ट्रेट मुशायरा ग्राउंड से उत्तर प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग अध्यक्ष डा. विशेष गुप्ता, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का समापन महिला …
मुरादाबाद,अमृत विचार। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान रैली को कलेक्ट्रेट मुशायरा ग्राउंड से उत्तर प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग अध्यक्ष डा. विशेष गुप्ता, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का समापन महिला पुलिस थाना पर हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाल अधिकार संरक्षण आयोग अध्यक्ष डा. विशेष गुप्ता ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन के लिये एक विशेष अभियान 25 अक्टूबर तक चलेगा। जिसका समापन माह अप्रैल (वासंतिक नवरात्र) में होगा। विशेष अभियान के संचालन के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन तथा महिला अपराध व बाल अपराध के सम्बन्ध में जागरूकता पैदा करने हेतु प्रत्येक माह एक सप्ताह के विशिष्ट कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। विशेष अभियान के दौरान जनपद की तहसीलों, ब्लाकों, पंचायतों, शहरी निकायों व थानों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने का प्रशिक्षण, सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूकता प्रदान किये जाने की कार्य योजना है।
जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि विशेष अभियान का उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं एवं बालिकाओं को स्वावलम्बी बनाना, उनमें सुरक्षित परिवेश की अनुभूति कराना, जन-जागरूकता पैदा करना, आत्म सुरक्षा की कला हेतु प्रशिक्षित करना एवं दुराचारियों की पहचान उजागर करना है। कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन लक्ष्मीशंकर सिंह, एडीएम सिटी राजेन्द्र सिंह सेंगर, एडीएम वित्त प्रीति जायसवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजेश चन्द्र गुप्त, कार्यक्रम अधिकारी अनुपमा शाडिल्य, ईडीएम अनुज भट्ट सहित भारी संख्या में स्कूली छात्राएं एवं शिक्षिकाएं उपस्थित थीं।
जिलाधिकारी ने वैन रवाना की
मुरादाबाद। नारी शक्तिकरण के लिए तीन जिला प्रोबेशन एवं एक सूचना विभाग की एलईडी वैन को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह द्वारा मुशायरा ग्राउंड से झण्डी दिखाकर रवाना किया। वैन ब्लाकों, निकायों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर महिला शक्तिकरण की जानकारी देगी। जिसमें महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा कल्याण हेतु योजनाएं संचालित हैं। समझाया जाएगा कि बालिकायें शिक्षित होकर अपने मा-बाप के साथ ससुराल के परिवार की शान बनेंगी।
