बरेली: 14 महीने बाद फॉल्ट लोकेटर मशीन चलाने का टेंडर, कई कंपनियों ने किया आवेदन
मार्च 2023 में लोकार्पण के दौरान फॉल्ट होने के बाद से नहीं चल रही थी मशीन
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी के तहत बिजली विभाग को मिली फॉल्ट लोकेटर मशीन को चलाने के लिए करीब 14 महीने बाद टेंडर डाला गया है। इसके लिए कई कंपनियों ने आवेदन किया है। अधिकारी जल्द टेंडर खुलने की बात कह रहे हैं।
बिजली विभाग को भूमिगत लाइन में फॉल्ट को ठीक करने के लिए स्मार्ट सिटी कंपनी की तरफ से 80 लाख की कीमत की फॉल्ट लोकेटर मशीन हैंडओवर की गई थी। पिछले साल मार्च में मशीन के लोकार्पण के दौरान रामपुर गार्डन में डेमो के दौरान धमाका हो गया था। इसमें वन मंत्री डाॅ. अरुण कुमार के साथ कई अधिकारी भी बाल-बाल बच गए थे। इस हादसे की जांच के साथ मशीन के संचालन पर रोक लगा दी गई थी। इसकी वजह से एक साल तक मशीन विभाग को हैंडओवर नहीं की गई थी।
इस दौरान भूमिगत लाइन में होने वाले फाल्ट किराये की मशीन से ठीक किए गए। पिछले दिनों मशीन की कमी को दूर कराकर उसकी टेस्टिंग के बाद बिजली विभाग को हैंडओवर कर दी गई थी, लेकिन तब समस्या यह थी कि मशीन चलाने के लिए विभाग के पास कोई तकनीकी कर्मचारी नहीं था। अब मशीन का संचालन करने के लिए अधिकारियों की तरफ से टेंडर निकाला गया है। अधिशासी अभियंता प्रथम अमित कुमार आनंद ने बताया कि फाल्ट लोकेटर मशीन विभाग को हैंडओवर हो चुकी है। जिसे चलाने के लिए विभाग की तरफ से टेंडर डाले गए हैं। जल्द ही टेंडर खुलने के बाद उसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें-बरेली: MJPRU में आज से शुरू हुई प्रवेश की प्रक्रिया, 28 मई से LLB-BALLB और LLM की परीक्षा
