Hamirpur Accident: मौरंग लदे ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार छात्राओं को मारी टक्कर, एक की मौत...आक्रोशित ग्रामीणाों ने वाहन को किया आग के हवाले
हमीरपुर में सड़क हादसे में एक की मौत
हमीरपुर, अमृत विचार। कुरारा थाना क्षेत्र के मनकी मार्ग में मौरंग लदे ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में स्कूटी सवार छात्राएं आ गई। इनमें आठ वर्षीय छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं गुस्साए ग्रामीणों ने मौरंग लदे ट्रैक्टर ट्राली को आग के हवाले कर दिया। जिससे ट्रैक्टर धू धू कर जलने लगा। साथ ही मनकी कुरारा मार्ग में जाम लगा दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेश तिवारी के समझाने बुझाने पर तीन घंटे बाद जाम खुल सका। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कुरारा थानाक्षेत्र के मिश्रीपुर गांव निवासी पूजा सिंह कस्बे के आरएन गुरुकुलम पब्लिक स्कूल में शिक्षिका है। उसकी 8 वर्षीय पुत्री कौशिकी पुत्री अजीत सिंह कक्षा दो की छात्रा थी। शुक्रवार को सुबह 11 बजे छुट्टी होने के बाद अपने स्कूल की दूसरी छात्रा शुभी सिंह (17) पुत्री अर्जुन सिंह के साथ स्कूटी से गांव के लिए निकली थी। 
तभी कुरारा मनकी मार्ग में कुतुबपुर गांव के पहले मौरंग से लोड ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी सवार कौशिकी की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं शुभी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे पुलिस स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं गुस्साए ग्रामीणों ने कुरारा मनकी मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पहुंची पुलिस व ग्रामीणों की घंटों नोकझोंक होती रही। ग्रामीणों ने शव ले जाने से मना कर दिया और ट्रैक्टर में आग लगा दी। जिससे ट्रैक्टर धू धू कर जल गया। ग्रामीणों के आक्रोश को देख मौके पर कुरारा थाना पुलिस के अलावा सदर कोतवाली पुलिस, यूपी 112 की कई वाहन मौके पर पहुंच गए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के घंटों समझाने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम खोला और शव को ले जाने दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई करने में जुट गई है।
कुरारा मनकी मार्ग अवैध खनन करने वाले के लिए वरदान
कुरारा मनकी मार्ग दो नंबर का धंधा करने वाले वाहनों के लिए वरदान साबित हो रहा है। बेतवा नदी से सैकड़ों ट्रैक्टर मौरंग लेकर मूसानगर प्रतिदिन आना-जाना रहता है। ट्रैक्टरों की धमा चौकड़ी से सड़क क्षतिग्रस्त होने के साथ ग्रामीणों को आवागमन करने में समस्या का सामना करना पड़ता है। सड़क सिंगल होने से क्रॉसिंग में दुर्घटना होने का ग्रामीणों को भय सताता रहता है।
इसकी वजह से आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। विकासखंड क्षेत्र के पारा, कंडौर, इंद्रपुरी, बेरी बेतवा नदी से सैकड़ों ट्रैक्टर अवैध खनन कर कानपुर देहात के मूसानगर में मौरंग बेचकर मालामाल हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस व खनिज विभाग की मिली भगत से मौरंग का अवैध गोरखधंधा फल फूल रहा है।
