Kannauj: आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर खड़ी स्लीपर बस में ट्रक ने मारी टक्कर...हादसे में तीन दर्जन से अधिक सवारियां घायल
कन्नौज में सड़क हादसे में तीन दर्जन अधिक सवारियां घायल हो गई
कन्नौज, अमृत विचार। गोरखपुर से गुजरात जाते समय सकरावा थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किमी. संख्या 139 पर खड़ी स्लीपर बस में तेज रफ्तार ट्रक घुस गया। हादसे में करीब 36 सवारियां घायल हो गई। गंभीर घायलों में से नौ को मिनी पीजीआई सैफई एवं 11 को मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया ।
जोधपुर के शिव कॉलोनी प्रतापगढ़ निवासी बस चालक महावीर पुत्र पुख सिंह, सांवरिया ट्रेवल्स की स्लीपर बस में 60 सवारियां लेकर गोरखपुर से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के रास्ते गुजरात के सूरत जा रहा था। शनिवार को तड़के करीब साढ़े तीन बजे सकरावा थाना क्षेत्र के किलोमीटर 139 मिश्राबाद गांव के पास चालक बस को पीली पट्टी पर खड़ी कर लघुशंका के लिए चला गया।
तभी पीछे से गेहूं लदा ट्रक लेकर आ रहा चालक जयदेव पुत्र मिश्रीलाल मसूरपुर थाना खजुरिया जनपद रामपुर स्टेयरिंग पर नियंत्रण न रख सका और ट्रक बस में घुस गया। हादसा होते ही चीख पुकार मच गई। घटना की जानकारी होते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह व सहायक सुरक्षा अधिकारी आरपी कनौजिया घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकलवाया और सभी को स्थानीय सीएचसी भेजा गया। गंभीर रूप से घायलों को सैफई स्थित मिनी पीजीआई व तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेजकर भर्ती कराया गया।
यह लोग हुए घायल
घायलों में मीना कुमारी पांडेय, इनके पति जुगल किशोर पांडेय, बेटी पलक, बेटा करन, राधेश्याम पुत्र रामदेव, राजन पुत्र राधेश्याम, निवासीगण इकडगा थाना नवाबगंज गोंडा, कुबेर पुत्र भगेलू निवासी मदनपुर देवरिया एवं देवरिया जनपद के आकोला थाना क्षेत्र के घीड़ा गांव निवासी विजय शंकर पुत्र रामनरेश को मिनी पीजीआई सैफई एवं संत कबीर नगर के खलीलाबाद गांव निवासी सबा पत्नी राहिल, सुशील मौर्य पुत्र जयराम निवासी मोहनपुर गोरखपुर, करन पुत्र राजेंद्र सिंह मेदावल संत कबीर नगर, दयाशंकर पुत्र लल्लन यादव भेड़ी इकौना देवरिया, शैलेंद्र साहनी पुत्र मोहनलाल साहनी राजी राजधानी गोरखपुर, रानी बेन पत्नी चेतन कुमार सूरत गुजरात, मुकेश पुत्र रमेश शर्मा ताजपुर साकरकाता गुजरात, सूरज पुत्र राम शंकर निवासी बड़ा चौराहा संत कबीर नगर, धर्मेंद्र पुत्र हरिओम निवासी हिम्मतनगर गुजरात एवं मस्ती पत्नी धर्मेंद्र नवाबगंज गोंडा को यूपीडा,108,102,एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज तिर्वा भर्ती कराया गया। अन्य घायलों को सौरिख सीएचसी में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हो गया। यूपीडा की क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सुचारु किया गया।
आठ एंबुलेंस से भेजे गए घायल
घटना के बाद घायलों को अस्पताल तक पहुचने के लिये छिबरामऊ, सौरिख,हसेरन से आठ एंबुलेंस बुलाईं गईं। इनसे घायलों के अस्पताल पहुंचाया गया। शेष सवारियों के अन्य वाहन से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
ये भी पढ़ें- Kanpur Murder: युवक की नृशंस हत्या, हाथ पैर बांधकर गंगा कटरी किनारे फेंका शव...मृतक दो मई से था लापता
