बरेली: स्मार्ट सिटी 2.0 में सफाई और पर्यावरण पर जोर, 135 करोड़ रुपये के होंगे काम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार: स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के दूसरे फेज में प्रदेश में बरेली और आगरा शहरों का चयन हुआ है। बरेली में शहर के 80 वार्डों में से सबसे पहले 33 आउटर वार्डों को 135 करोड़ रुपये से स्मार्ट बनाया जाएगा। इसमें पूरा जोर सफाई व्यवस्था और पर्यावरण को शुद्ध रखने पर रहेगा। दिल्ली में दो दिवसीय प्रशिक्षण से लौटने के बाद शनिवार को बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी की सीईओ निधि गुप्ता वत्स ने अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में उन्होंने बताया कि दूसरे फेज में देश में 100 स्मार्ट सिटी में बरेली, आगरा सहित 18 शहरों का चयन किया गया है। स्मार्ट सिटी मिशन की अवधि समाप्त होने वाली है। इसकी वजह से केंद्रीय आवासन एवं शहरी मंत्रालय ने स्मार्ट सिटी 2.0 पर कार्य शुरू कर दिया है। अब बरेली को ग्रीन और क्लीन बनाने के लिए एकीकृत अपशिष्ट प्रबंधन( इंटीग्रेटेड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट) को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना बनाई गई है।

33 वार्ड आउटर हैं
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के प्रस्तुतिकरण के दौरान दिल्ली में नगर आयुक्त ने बताया कि बरेली में 33 वार्ड आउटर के हैं, जबकि पूरे शहर में 80 वार्ड हैं। इन वार्डों में केंद्रीय टीम निरीक्षण के लिए आएगी। इससे पहले वार्डों को बेहतर बनाया जाएगा। फेज टू के लिए आगामी पांच साल तक की कार्य योजना बनाई गई है।

कचरे से बिजली बनाने की योजना
फेज टू के तहत शहर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान को बेहतर बनाया जाएगा। शहर से निकलने वाले कचरे से बिजली बनाई जाएगी और खाद से सीएनजी तैयार की जाएगी। इसके लिए सयंत्र लगाया जाएगा, जिससे आय भी बढ़ेगी।

बरेली ने लखनऊ को भी पछाड़ा
स्मार्ट सिटी में पहले लखनऊ, मुरादाबाद, कानपुर, झांसी, अलीगढ़, सहारनपुर आदि का चयन हुआ है पर स्मार्ट सिटी 2 में बरेली और आगरा ही चयनित हो पाए हैं। अधिकारियों के मुताबिक स्मार्ट सिटी के तहत बरेली में अन्य शहरों से अधिक कार्य हुए हैं।

स्मार्ट सिटी की बैठक कर निर्देश दिए गए हैं। पूरे प्रदेश में बरेली का चयन बड़ी उपलब्धि है। कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए काम किया जा रहा है। केंद्रीय टीम भ्रमण के लिए बरेली आएगी। इससे पहले वार्डों को बेहतर बनाने का प्रयास होगा- निधि गुप्ता वत्स, सीईओ बरेली स्मार्ट सिटी कंपनी

यह भी पढ़ें- बरेली: सेना का बताया जवान और सोफा खरीदने के बहाने ठग लिए 72 हजार, रिपोर्ट दर्ज 

संबंधित समाचार