बरेली: चौकीदार के आज बयान दर्ज करेंगे सीओ नवाबगंज, सारे कागजात के साथ बुलाया कार्यालय
शनिवार तक पुलिस को नहीं मिल सका मेडिकल रिपोर्ट
बरेली, अमृत विचार। नवाबगंज के तहसीलदार की सुरक्षा में तैनात दो होमगार्डों की अमानवीयता का शिकार हुए थाने के चौकीदार वीरेंद्र धानुक का सीओ नवाबगंज हर्ष मोदी बयान दर्ज करेंगे। सीओ ने चौकीदार को रविवार को अपने कार्यालय में सभी कागजात समेत साक्ष्यों के साथ बुलाया है। वहीं चौकीदार की मेडिकल रिपोर्ट अभी तक पुलिस को नहीं मिल सकी है।
नवाबगंज के गांव बहोरनगला के रहने वाले चौकीदार वीरेंद्र धानुक मंगलवार शाम 4 बजे अपनी जमीन की फर्द निकलवाने तहसील गए थे। तहसीलदार की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड वीर बहादुर गंगवार और रामपाल गंगवार ने उनके साथ अमानवीय ढंग से मारपीट की थी। घटना के बाद वीरेंद्र ने आरोप लगाया था कि दोनों होमगार्ड मुफ्त का राशन लेकर भी वोट कहीं और देने वालों के लिए गालीगलौज कर रहे थे। उन्होंने विरोध किया तो वे उन पर हमलावर हो गए थे। वीरेंद्र ने थाने में तहरीर देने के साथ मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी।
मामले में दोनों होमगार्डों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर उनका शांति भंग करने के आरोप में चालान कर दिया था। सीओ हर्ष मोदी घटना के समय वीआईपी ड्यूटी में तैनात थे, जिसके कारण उन्हें घटना क्रम की पूरी जानकारी भी नहीं है। इसकी वजह से उन्होंने पीड़ित चौकीदार को रविवार को अपने कार्यालय में बयान के लिए बुलाया है। वह घटनाक्रम के हर पहलू के बारे में जानकारी करेंगे ताकि घटना का कारण पूरी तरह से साफ हो सके।
आज आएगी मेडिकल रिपोर्ट, फिर बढ़ सकती है धारा
सीओ नवाबगंज हर्ष मोदी ने बताया कि मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कर दी है। साथ ही दोनों पर विभागीय कार्रवाई के लिए जिला होमगार्ड कमांडेंट से पत्राचार किया गया है। पीड़ित चौकीदार की मेडिकल रिपोर्ट रविवार को आ सकती है। जिसमें अगर गंभीर चोटें पाई गईं तो पूरे मामले में कुछ धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी होमगार्डों का नहीं आया नोटिस का जवाब
चौकीदार वीरेंद्र धानुक के साथ मारपीट करने के मामले में जिला होमगार्ड कमांडेंट ने आरोपी होमगार्ड वीरबहादुर गंगवार और रामपाल गंगवार को ड्यूटी से रोक दिया है। साथ ही दोनों को नोटिस जारी कर 15 दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है लेकिन दोनों ने अभी तक अपने नोटिस का जवाब नहीं दिया है। स्पष्टीकरण आने के बाद रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी।
एससी-एसटी आयोग ने भी मांगी है रिपोर्ट
तहसील परिसर में अनुसूचित जाति के चौकीदार को पीटने में मामले में एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष असीम अरुण ने बरेली एसएसपी को पत्र भेजकर मामले की रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने एसएसपी को निर्देश दिया है कि निश्चित अवधि में जांच की विस्तृत रिपोर्ट आयोग को प्रेषित की जाए।
पीड़ित चौकीदार को रविवार को कार्यालय में कागजात और साक्ष्य के साथ बुलाया है। चौकीदार के बयान दर्ज किए जाएंगे। रविवार को मेडिकल रिपोर्ट भी आ जाएगी, जिसे विवेचना में शामिल किया जाएगा-हर्ष मोदी, सीओ नवाबगंज
ये भी पढ़ें- बरेली: प्राची के सिर सजा मई क्वीन का ताज, कुशमांदिनी फर्स्ट और स्नेहा सेकेंड रनरअप
