Amethi Lok Sabha Elections 2024: पांचवें चरण के मतदान में स्मृति और केएल शर्मा को देनी होगी अग्नि परीक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाजपा उम्मीदवार को जिताने के लिए पांच विधायक और एक राजघराना की प्रतिष्ठा का है सवाल

अमेठी, अमृत विचार। इंतजार की घड़ियां खत्म। नेता जी और उनकी पार्टी को जो कहना था, कह दिया। अब आपकी बारी है। सोमवार को सलोन, तिलोई, जगदीशपुर, गौरीगंज व अमेठी विधान सभा क्षेत्र की 17 लाख 86 हजार से अधिक मतदाता अपने बेशकीमती वोट से देश का भविष्य लिखेंगे। इस चुनाव में स्मृति जुबिन ईरानी और किशोरी लाल शर्मा की अग्नि परीक्षा होगी। फिरहाल इसमें से सलोन, तिलोई, जगदीशपुर विधान सभा चुनाव पर भाजपा का ही कब्जा है। जिन दो गौरीगंज और अमेठी विधान सभा सीटों पर समाजवादी पार्टी का कब्जा है वह भी भाजपा के लिए ही वोट मांग रहे हैं।

इसलिए लोकसभा चुनाव और दिलचस्प हो गया है। इंडी गठबंधन ने किशोरी लाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया है तो वहीं भाजपा ने स्मृति जुबिन ईरानी को मैदान में उतारा है। इस समय पांचों विधान सभा सीटों पर भाजपा का कब्जा होने से स्मृति की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। गठबंधन से प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा लोस चुनाव में पहली बार रण में उतरे हैं। किशोरी लाल शर्मा स्मृति ईरानी को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।

भाजपा ने अपने उम्मीदवार को जिताने के लिए प्रमुख चेहरों में अमित शाह, योगी आदित्यनाथ, जेपी नड्डा, केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक से रैली, रोड शो और नुक्कड़ सभा कराकर समीकरण साधने की कोशिश कर चुके है। वहीं कांग्रेस अपनी साख बचाने और गठबंधन प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा को जिताने के लिए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे प्रमुख चेहरों को अमेठी लोक सभा में उतारकर स्मृति ईरानी को मात देने के लिए रोड शो, नुक्कड़ सभा और जन संपर्क कर भरसक प्रयास किया है। 

पांच विधायक और एक राज घराने की प्रतिष्ठा दांव पर लगी

2014 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी से मिली हार के बाद स्मृति ईरानी ने भी ठान ली थी कि अमेठी को अपना बना कर ही रहेंगे। हार के बावजूद स्मृति निरंतर अमेठी लोक सभा क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों की समस्याओं से रूबरू रहती थी, और हर संभव मदद कर उनकी समस्याओं को निस्तारित करने के लिए संबंधित को निर्देश भी दिया करती थी।

इसी का नतीजा था कि अमेठी वासियों का स्मृति ने दिल जीता और 2019 के लोक सभा चुनाव में राहुल गांधी को हराकर संसद पहुंची। अमेठी लोकसभा में पांच विधान सभा अमेठी, गौरीगंज, जगदीशपुर, तिलोई और रायबरेली जिले को सलोन शामिल है। पांचो विधान सभा की तीन सीटों पर भाजपा का कब्जा है। जिन दो विधान सभा सीटों पर सपा का कब्जा था उन्हें अब स्मृति ईरानी ने तोड़कर भाजपा के समर्थन में लाकर खड़ा कर दिया है।

तिलोई से मयंकेश्वर शरण सिंह, जगदीशपुर से सुरेश पासी, गौरीगंज से राकेश सिंह, अमेठी से महराजी प्रजापति व सलोन से अशोक कोरी विधायक है। भाजपा विधायकों के अलावा सपा पार्टी से बगावत कर चुके राकेश सिंह और महराजी प्रजापति भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी स्मृति ईरानी को जिताने के लिए बराबर कैंपेन किया और वोट भी मांगे।

वहीं जामों रियासत एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल भैया की पत्नी ने भी स्मृति ईरानी को जिताने के लिए लोगों से अपील की। इस तरह से भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए पांच विधायकों के साथ जामो राज घराने की भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। वहीं कांग्रेस भी अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा पाने के लिए पूरी जोर आजमाइश में लगी रही। हालांकि 17 लाख 86 हजार 124 मतदाता उम्मीदवार के भविष्य को कल ईवीएम में कैद कर देंगे। 

कुल मतदाता.....1786124
महिला मतदाता....848878
पुरुष मतदाता.......937147

ब्राम्हण..... 15 फीसदी
क्षत्रिय.....13 फीसदी
वैश्य.....3 फीसदी
कायस्थ....2 फीसदी
जाटव....3 फीसदी
कोइरी.....10 फीसदी
खटिक आदि....5 फीसदी
पासी......2 फीसदी
कुर्मी.......5 फीसदी
मुस्लिम .......19 फीसदी
निषाद......3 फीसदी
कुशवाहा.....2 फीसदी

यह भी पढ़ें:-अंबेडकरनगर में भीषण हादसा: पिकअर से टकाई आटो, दो जायरीनों की मौत, सात घायल

संबंधित समाचार