अयोध्या: आठ इलाकों में 11 घंटे गुल रही बिजली, भीषण गर्मी में तड़पे लोग

अमानीगंज क्षेत्र में 33 हजार अंडरग्राउंड लाइन में फाल्ट से छाया रहा संकट, शक्तिनगर कालोनी में दगा ट्रांसफार्मर

अयोध्या: आठ इलाकों में 11 घंटे गुल रही बिजली, भीषण गर्मी में तड़पे लोग

चौक और अमानीगंज विद्युत उपकेंद्र के 25 हजार से अधिक उपभोक्ताओं में पनपा आक्रोश

अयोध्या, अमृत विचार। गर्मी का पारा 43 डिग्री सेल्सियस पहुंचते ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी ध्वस्त हो गई है। शनिवार रात जहां शहर के अमानीगंज क्षेत्र में 33 हजार अंडरग्राउंड लाइन में फाल्ट आने से आठ मोहल्लों की 25 हजार आबादी पूरी रात बिन बिजली तड़पती रही। वहीं देवकाली शक्तिनगर में 25 एमवी के ट्रांसफार्मर दगने से दस हजार से अधिक लोग भी प्रभावित हुए। यह हाल नगर क्षेत्र का तब है जब 24 घंटे आपूर्ति दुरुस्त रखने के दावे किए जाते हैं।
  
बताया जाता है कि शनिवार रात करीब 11 बजे अमानीगंज इलाके से होकर गई 33 हजार केवीए लाइन फाल्ट में आ गई। बताया जाता है कि अंडरग्राउंड गई केबल में अमानीगंज और लक्ष्मणपुरी के निकट फाल्ट आ गया। इसके चलते कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 

उपभोक्ताओं ने बिजली घर में शिकायत दर्ज कराई तो बताया गया रविवार सुबह साढ़े सात बजे बनेगी। जब आठ बजे भी आपूर्ति नहीं आई तो फिर संपर्क करने पर पता चला कि फाल्ट लोकेटर मशीन आने पर ही खराबी दुरुस्त होगी। इस बीच 25 हजार से अधिक लोगों के प्रभावित होने को लेकर दूसरे फीडर से जोड़ कर आपूर्ति सुचारू की गई। 

अमानीगंज अवर अभियंता को चार बार काल की गई उनका फोन नहीं उठा। उपकेंद्र पर शिकायत दर्ज करने वाले कर्मी उपेन्द्र ने बताया कि फाल्ट लोकेटर मशीन लखनऊ से आ रही है लाइन जल्द ही ठीक होगी। उपभोक्ताओं ने बताया कि रात 12 बजे से सुबह आठ बजे तक पूरी रात लोगों को भीषण गर्मी में गुजारना पड़ा। सुबह पानी न होने से दिनचर्या प्रभावित हुई।

बताया जाता है कि आपूर्ति ठप होने से अमानीगंज कालोनी फेज वन, टू और बछड़ा सुल्तानपुर, लक्ष्मणपुरी, साहबगंज, अवध कालोनी के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि अभी तक 33 हजार केवीए लाइन में आई फाल्ट दुरुस्त नहीं हुई है। चौक विघुत उपकेंद्र के अवर अभियंता नरेश जायसवाल ने बताया कि चौक क्षेत्र का कुछ हिस्सा प्रभावित हुआ है लेकिन नियावां फीडर से आपूर्ति दी जा रही है। लाइन शाम तक ठीक कर दी जाएगी। 

शक्तिनगर कालोनी का ट्रांसफार्मर दगा, लोगों ने झेला संकट 

नगर के देवकाली क्षेत्र में शक्तिनगर कालोनी के निकट लगा 25 एमवी का ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर शनिवार रात दस बजे के करीब दगा गया। ट्रांसफार्मर दगने से शक्तिनगर और आसपास के क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रात कुछ देर के लिए आपूर्ति आई लेकिन फिर चली गई। 

सारी रात इस इलाके के भी दस हजार से अधिक की आबादी बिजली संकट झेलती रही। चौक उपकेन्द्र के अधीन आने वाले इस इलाके में दूसरी बार ट्रांसफार्मर दगा है। 25 दिन पहले भी ट्रांसफार्मर दगा गया था उसके बाद नया ट्रांसफार्मर लगाया गया था। अवर अभियंता नरेश जायसवाल ने बताया कि तकनीकी खराबी से ट्रांसफार्मर दगा गया था अब बदल दिया है।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: तेज रफ्तार इनोवा कार ने वैन में मारी टक्कर, ड्राइवर सहित आधा दर्जन घायल