Auraiya Crime: संदिग्ध हालात में खेत में पड़ा मिला युवक का शव...पास में कीटनाशक के पाउच और खून पड़ा मिला
औरैया में संदिग्ध हालात में खेत में पड़ा मिला युवक का शव
औरैया, अमृत विचार। फफूंद थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का शव गांव से दूर खेत मे पड़ा मिला। शव के पास दो कीटनाशक के पाउच, एक पानी की बोतल तथा थोड़ा सा खून पड़ा था। युवक गांव के एक किशोर के साथ खेतों पर गया था।
किशोर के परिजनों ने मृतक के घरवालों से शिकायत की थी तथा रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही थी। यह सुनकर युवक इटावा जाने की बात कहकर घर से निकल गया। रविवार को उसका शव गांव से दूर एक खेत में पड़ा मिला l घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया l
फफूंद थानाक्षेत्र के गांव मुढ़ी निवासी ईस्वरसरण का 22 वर्षीय पुत्र रंसु दोहरे घर में रहकर पिता के काम में हाथ बंटाता था। रविवार की सुबह गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर उत्तर दिशा की ओर गांव खोयला निवासी दसरथ सिंह के खाली खेत में युवक का शव पड़ा हुआ था।
रविवार की सुबह सिंचाई करने जा रहे एक किसान ने शव को देखकर ग्राम प्रधान को सूचना दी। इसके बाद मौके पर जुटे लोगों में से किसी ने पुलिस को सूचना दीl शव के पास दो कीटनाशक के पाउच, एक पानी की बोतल तथा थोड़ा सा खून पड़ा हुआ था l मृतक के बड़े भाई 25 वर्षीय अंशु ने बताया कि शुक्रवार की शाम छोटा भाई नशे की हालत में था। वह गांव के दो किशोरों के साथ खेतों पर कचरियां लेने गया था।
लौटकर आने पर एक एक किशोर के परिजन उसके गलत करतूत की शिकायत करने घर आए। उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट करने की धमकी भी दी थी l अंशु के अनुसार शनिवार को लगभग 10 बजे छोटा भाई रंसु इटावा जाने की बात कहकर घर से चला गया। रविवार सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला। उसके मुंह और नाक से खून निकला था l
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम, एसआई संजीव यादव टीम के साथ पहुंचे। बाद में सीओ ने पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर जाकर बारीकी से जांच-पड़ताल की l पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया l घटना से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हैl
ये भी पढ़ें- Unnao: ससुरालियों की प्रताड़ना से आहत महिला ने दो बच्चों संग उठाया खौफनाक कदम...कारण जानकर हर कोई रह गया दंग
