पीलीभीत: शव का अंतिम संस्कार करने की थी तैयारी और जमीनी विवाद में चल गए लाठी डंडे, पत्थर भी बरसाए...10 घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीसलपुर, अमृत विचार। चीनी मिल कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिवार वाले पुराने जमीनी विवाद में हत्या की आशंका जता रहे थे। शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा और अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी कि दोनों पक्षों में विवाद हो गया। जिसके बाद लाठी डंडे चल गए। घटना में दस लोग घायल हो गए। 

इसकी सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और सख्ती कर मामला शांत कराया। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराकर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। गांव में भी फोर्स लगा दिया गया है।

बीसलपुर किसान सहकारी चीनी मिल में पड़ोसी गांव भोगापुर निवासी कुंवर सेन सूचीबद्ध फिटर के पद पर कार्यरत था। शनिवार को दोपहर करीब एक बजे उसका शव चीनी मिल गेस्ट हाउस के नजदीक सड़क किनारे पड़ा मिला था।  परिवार वालों ने जमीन के विवाद में हत्या की आशंका जताई थी। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा। दोपहर करीब तीन बजे परिवार वाले शव का अंतिम संस्कार करने घर से निकले। 

इस दौरान गांव में जगह के विवाद को लेकर बुद्धसेन पक्ष से चल रही पुरानी रंजिश के कारण अंतिम संस्कार करने से पहले ही आपस में गाली गलौज हो गई। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। एक दूसरे पर लाठी डंडे बरसाए। जमकर मारपीट हुई। ईट पत्थर भी चल गए। अचानक हुए इस झगड़े से गांव में अफरा तफरी मच गई।  कुछ ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। 

कुछ ही देर में यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को काबू करना चाहा लेकिन झगड़ा करने वालों की संख्या अधिक होने पर नाकाम रहे। यूपी 112 पुलिस के सामने भी झगड़ा होता रहा। बाद में कोतवाली से अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को सख्ती कर शांत कराया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा।

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: बच्चों के इम्तिहान में शिक्षक फेल, 657 स्कूलों में से 103 हो सके निपुण...लापरवाही भी उजागर 

 

संबंधित समाचार