राष्ट्रीय पर्यावरण मित्र पुरस्कार से सम्मानित होंगी सीतापुर की शिक्षिका, जिले का बढ़ाया मान
सीतापुर,अमृत विचार। महमूदाबाद विकासखण्ड इलाके के कम्पोजिट विद्यालय गोधौरी में सहायक अध्यापिका ममता देवी को पर्यावरण मित्र पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया जायेगा। शिक्षिका ममता देवी ने जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता, हरियाली, जल एवं स्वच्छता प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य किया है। विद्यालय के बच्चों के साथ मिलकर ममता ने यह रिपोर्ट सीईई को भेजी थी। जिसके बाद अब उन्हें पर्यावरण मित्र पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। ममता को इससे पहले राज्य शिक्षक पुरस्कार भी प्रदान किया जा चुका है।
भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलयुवा परिवर्तन मंत्रालय पर्यावरण शिक्षण केन्द्र (सीईई) के तत्वाधन में पर्यावरण कार्यक्रम आयोजित हुआ था। शिक्षिका ममता देवी द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर जलसंरक्षण, जैव विविधता, हरियाली, स्वच्छता और जल प्रबंधन के क्षेत्र में अनेको कार्य किये गये। ममता द्वारा बच्चों को न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया बल्कि नवाचारों के माध्यम से अनेको कार्य किये गये थे। जिसके बाद यह रिपोर्ट बनाकर उन्होने सीईई को भेजी थी। पूरे देश से तमाम प्रोजेक्ट सीईई के पास भेजे गये जिसमें सीतापुर की ममता देवी को राष्ट्रीय पर्यावरण मित्र पुरस्कार के लिये चयनित कर लिया गया। मई महीने में मध्यप्रदेश में आयोजित समारोह में ममता को यह पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। ममता देवी को मिले पुरस्कार पर विधायक आशा मौर्या, पूर्व मंत्री नरेन्द्र वर्मा, बीईओ सीमा चैहान आदि ने बधाई दी है।
ये भी पढ़ें -यूपी में पांचवें चरण का मतदान जारी, सतीश मिश्रा समेत इन वीआईपी ने किया वोट
