बरेली कॉलेज में छात्र से मारपीट, एक का फूटा सिर
demo image
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज के वाणिज्य विभाग में सोमवार को मिड टर्म परीक्षा के दौरान बीकॉम छात्रों के साथ कुछ छात्रों ने मारपीट की। छात्र का आरोप है कि आरोपियों ने सिर में कड़ा मार दिया, जिससे उसका सिर फट गया।
इसके बाद छात्र संगठन के लोग जुट गए और हंगामा शुरू हो गया। सूचना पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम पहुंची और मौके पर पुलिस को बुलाया गया। छात्र ने बारादरी थाना में तहरीर दी है।
लखीमपुर खीरी निवासी छात्र उदय शर्मा बरेली कॉलेज में बीकॉम षष्टम सेमेस्टर का छात्र है। उदय के मुताबिक सोमवार सुबह 11:30 बजे वह बरेली कॉलेज के वाणिज्य विभाग में था। इसी दौरान वहां एक छात्र अपने चार-पांच साथियों के साथ आया और उसके साथ गालीगलौज करने लगा। जब इसका विरोध किया तो मारपीट शुरू कर दी। इससे उसके सिर में चोट लग गई।
जानकारी के मुताबिक उदय पहले एक छात्र संगठन से जुड़ा हुआ था और उसका दूसरे छात्र संगठन के छात्रों से विवाद हुआ था। पुराने विवाद में ही सोमवार को झगड़ा हुआ, जिसमें सिर में बेंच लगने से उदय का सिर फट गया। चीफ प्रॉक्टर प्रो. आलोक खरे ने बताया कि परीक्षा के दौरान सीट पर बैठने को लेकर छात्रों में विवाद हो गया था। छात्र संगठनों के दो गुट जमा हो गए थे। पुलिस बुलाई थी। दोनों पक्षों में बाद में थाने में समझौता हो गया।
ये भी पढे़ं- बरेली: युवक ने लगाया पुलिस पर गंभीर आरोप, गोकशी के आरोप में फंसाने पर मांगी एक लाख की रंगदारी
