बदायूं: स्कूल से अनुपस्थित चल रही शिक्षिका, बीएसए ने किया निलंबित
बदायूं, अमृत विचार। कई माह से अनुपस्थित चल रही शिक्षिका को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। शिक्षिका के स्कूल न आने की शिकायत गांव के लोगों ने आईजीआरएस के तहत की थी। जिसकी जांच बीईओ द्वारा की गई। अनुपस्थित मिलने पर बीईओ ने शिक्षिका को निलंबित करने की संस्तुति की थी।
आसफपुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव मोतीपुरा प्राथमिक स्कूल में कार्यरत शिक्षिका पिछले चार माह से स्कूल नहीं आ रही थी। शिक्षिका ने तीन हजार रुपये महीने पर किसी अन्य युवक को स्कूल में लगा रखा था। बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह से चौपट हो गई थी। जिस पर गांव के कुछ लोगों ने खंड शिक्षा अधिकारी ओमेंद्र दत्त तिवारी से की थी। परंतु ग्रामीणों की शिकायत को बीईओ ने अनसुना कर दिया।
इसके बाद आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की गई। जिस पर बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के आदेश कर दिया। चार मई को जांच करने पहुंचे बीईओ को स्कूल बंद मिला। ग्रामीण हेमपाल, मुन्ना, प्रेमपाल, अजय आदि ने बताया शिक्षिका प्रीति कई माह से अनुपस्थित चल रही हैं। उनके द्वारा गांव निवासी रेखा नाम की किशोरी को स्कूल में नियुक्त कर दिया है।
बीईओ के पूछने पर स्कूल में नियुक्त की गई रेखा नाम की किशोरी ने भी इस बात की पुष्टि की। जिस पर बीईओ ने शिक्षिका प्रीति को निलंबित करने की संस्तुति कर दी। बीईओ द्वारा जांच रिपोर्ट मिलने के बाद बीएसए स्वाती भारती ने शिक्षिका को निलंबित कर दिया है। साथ ही आरोप पत्र देते हुए जवाब मांगा है।
ये भी पढे़ं- बदायूं: डीसीएम की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार किसान की मौत, परिजनों में कोहराम
