बदायूं: डीसीएम की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार किसान की मौत, परिजनों में कोहराम
बदायूं,अमृत विचार: गेहूं बेचने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा रहे किसान को डीसीएम ने टक्कर मार दी। किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने किसान को मृत घोषित कर दिया। परिजनों में चीत्कार मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव काकसी निवासी हरवीर (38) पुत्र सुरेंद्र सिंह खेतीबाड़ी करके परिवार का पालन पोषण करते थे। रविवार को उन्होंने ट्राली पर गेहूं लादे। गेहूं बेचने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली से जिला संभल के कस्बा बबराला जा रहे थे।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव उस्मानपुर पर महावा पुल के पास तेज रफ्तार से पीछे से आए डीसीएम ने ट्रॉली को टक्कर मार दी। हरवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने डीसीएम के चालक को पकड़ा लिया। रहागीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें सीएचसी ले गई। जहां रोते बिलखते परिजन भी पहुंच गए। सीएचसी पर चिकित्सक ने हरवीर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
ये भी पढ़ें- बदायूं: सड़क किनारे घायल मिला मजदूर, इलाज के दौरान मौत
