Kannauj: बिजली कटौती के विरोध में सपाइयों ने किया प्रदर्शन, समस्या का निस्तारण न होने पर प्रदर्शन की दी चेतावनी
कन्नौज, अमृत विचार। जिले में हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में सपाइयों ने सोमवार को अधिशाषी अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान समस्या के निस्तारण के संबंध में ज्ञापन एक्सईएन को सौंपा। समस्या का निस्तारण न होने पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
समाजवादी पार्टी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव की अगुआई में समाजवादी कार्यकर्ताओं ने जिले में हो रही बिजली कटौती के विरोध में अधिशाषी अभियंता विद्युत मकरंदनगर कन्नौज मगन सिंह को एक ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने भाजपा सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि कन्नौज जिले में आलू और मक्का की फसल प्रमुख रूप से होती है। इस समय मक्का की फसल में दाना पड़ रहा है।
ऐसे में मक्का की फसल को पानी की बहुत जरूरत होती है, परन्तु बिजली की भीषण कटौती से नलकूप नहीं चल पा रहे हैं। इसके चलते सिंचाई के अभाव में फसलें सूख रही हैं। किसानो के चेहरे पर से मुस्कान गायब हो गई है। समाजवादी लोग किसानो की खुशहाली के लिए विभाग के उच्च अधिकारी से अनुरोध करने आए कि बिजली की सुचारु व्यवस्था की जाएं, नहीं तो सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो जायेंगे।
इस मौके पर संजय दुबे, अमित मिश्रा, सुरेन्द कुशवाहा, मनोज कठेरिया, धर्मवीर पाल, रमेश यादव, गुड्डू अहसन, गोल्डी यादव, देवराज यादव, दीपू यादव, सत्येन्द्र यादव, भूरा यादव, आकाश पाण्डेय, सुरजीत यादव, अतुल मौर्य, लाला राजपुत, कुसमाकर यादव, अनुज, राजू यादव, अजय यादव, सचिन राठौर, रानू सक्सेना आदि लोग मौजूद रहे।
