बाराबंकी : युवाओं में वोटिंग का दिखा जुनून, सहारा लेकर बूथ पर पहुंचे बुजुर्ग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

-गजब का दिखा उत्साह, हर वर्ग के लोग हुए शामिल

बाराबंकी, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में इस बार हर वर्ग के मतदाताओं में मतदान के प्रति उत्साह पहले के चुनावों की अपेक्षा कहीं अधिक था। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होते ही चुनाव की गहमागहमी के साथ शहरों और ग्रामीण क्षेत्र में हर गली कूचे में भीड़ दिखी। मतदाता बूथों पर लोकतंत्र की मजबूती के लिए सड़कों पर उमड़ पड़े। मतदान के दौरान एक बुजुर्ग महिला को लाठी के सहारे मतदान केंद्र तक पहुंचते देखा गया। कुछ बुजुर्ग महिलाओं को एक-दूसरे का हाथ पकडक़र एक दूजे का सहारा लेकर वोट डालने के लिए आते दिखे।

ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया तथा अपनी अमिट स्याही लगी उंगली लहराकर खुशी व्यक्त की। मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान करने की मुहिम का लोगों पर असर दिखा। यह ग्रामीण महिलाएं मतदान को एक मेले और किसी धार्मिक समागम का रूप देकर उसी तरह से पूरे आनंद के साथ वोट डालने के लिए आती दिखी। मतदान के प्रति उत्साह में बड़ी संख्या में बुजुर्ग, विकलांग, मतदाता भी मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे।

पहली बार वोट डालने का दिखा उत्साह

जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों के कुल 1701 मतदान केंद्रों और 2615 बूथों पर सोमवार को सुबह से लंबी कतारें देखने को मिलीं। जो रफ्ता-रफ्ता दिन के परवान चढ़ने के बीच कुछ कम हुई। लेकिन दोपहर के बाद फिर से अपनी रफ्तार के साथ वोट डालने का सिलसिला आगे बढ़ा। जहां युवा मतदाता पहली मर्तबा मतदान करने को लेकर खासे उत्साहित थे, वहीं बुजुर्ग भी वोट डालने में आगे रहे। इसी तरह महिलाओं का भी हुजूम इस बार चुनाव में देखने को मिला। हर बूथ पर आधी आबादी की हिस्सेदारी रही। लोकतंत्र के इस महापर्व में हर वर्ग के लोगों ने शामिल होकर चुनावी यज्ञ में वोट की आहूतियां डालीं।

 

 

संबंधित समाचार