Bareilly News: हेमलता हत्याकांड...अब पिता ने भी दामाद पर जताया हत्या का शक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शुरू से ही पुलिस के शक के घेरे में है राजकुमार, लगातार कर रही है पूछताछ

बरेली, अमृत विचार। शाही इलाके में 14 मई को कथित तौर पर लूटपाट के बाद पति के साथ बाइक पर आ रही हेमलता के सिर और सीने में गोली मारकर हत्या के मामले में नया मोड़ आया है। पुलिस के बाद अब हेमलता के पिता ने भी दामाद पर ही हत्या करने का शक जताया है। उसने थाना शाही में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि दहेज के लिए उनका दामाद पहले से ही बेटी के साथ मारपीट करता था।

शाही के गांव बकैनिया का राजकुमार पत्नी हेमलता के साथ बाइक पर 14 मई को ससुराल से घर लौट रहा था। इसी बीच रास्ते में शाम करीब सात बजे हेमलता की हत्या कर दी गई थी। राजकुमार ने पुलिस को बताया था कि उसे बदमाशों ने रोका था और लूटपाट का विरोध करने पर हेमलता को गोली मार दी।

अगले दिन हेमलता के पिता हरीश कुमार की तहरीर पर ही अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूटपाट के दौरान बेटी की हत्या कर दिए जाने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी लेकिन अब हरीश कुमार ने पुलिस को राजकुमार पर ही हत्या का शक जताते हुए नई तहरीर दी है।

हरीश कुमार का आरोप है कि हेमलता ने हत्या से पहले अपनी मां प्रेमवती को फोन कर शिकायत की थी कि राजकुमार उसे परेशान करने के साथ मारपीट करता है। राजकुमार उस पर शक करता था और हत्या से 10 दिन पहले इसी कारण उसकी पिटाई की थी। वह इससे परेशान थी। 

मां से शिकायत की जानकारी होने के बाद राजकुमार ने हेमलता से बात करना बंद कर दिया था। इससे वह अवसाद में आकर खाना भी कम खा रही थी। हत्या से तीन दिन पहले राजकुमार हेमलता को उसकी नानी, मौसी और मायके मल्साखेडा ले गया था। ससुराल में उसने शाम साढ़े पांच बजे तक घर लौटने की बात नहीं की। उन्हें लगा वह उन्हीं के यहां रुकेगा, लेकिन साढ़े पांच बजे के बाद हेमलता से तुरंत चलने को कहने लगा।

हेमलता के पिता ने राजकुमार पर हत्या का शक जताते हुए तहरीर दी है। पुलिस की टीमें राजकुमार से लगातार पूछताछ कर रही है। जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। - मानुष पारीक, एसपी देहात दक्षिणी

 

संबंधित समाचार