बरेली: बच्चों से कराते थे मोबाइल चोरी, 5 गिरफ्तार
बरेली,अमृत विचार। इज्जतनगर पुलिस ने बच्चों से मोबाइल चोरी कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महानगर कॉलोनी के पास चोरी की योजना बनाते पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में तीन किशोर भी शामिल हैं। पुलिस ने दो आरोपियों को जेल और किशोरों को बाल सुधार गृह भेजा है। …
बरेली,अमृत विचार। इज्जतनगर पुलिस ने बच्चों से मोबाइल चोरी कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महानगर कॉलोनी के पास चोरी की योजना बनाते पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में तीन किशोर भी शामिल हैं। पुलिस ने दो आरोपियों को जेल और किशोरों को बाल सुधार गृह भेजा है। आरोपियों के पास से मोबाइल व अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
इज्जतनगर पुलिस को किसी ने सूचना दी कि महानगर कालोनी के गेट एक व दो के बीच में तीन बच्चे व दो युवक खड़े हैं। ये लोग चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया। सभी के पास से दो तमंचे, चार मोबाइल, चार कारतूस और अन्य सामान बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपियों में परमानंद व दो किशोर छोटी बिहार थाना इज्जतनगर के रहने वाले हैं जबकि अजय पाल अब्दुल्लापुर और तीसरा किशोर धौरेरा माफी का रहने वाला है। पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान कर दिया है। अजय और परमानंद को जेल भेज दिया गया है। तीनों बच्चों को बाल सुधार गृह भेजा है।
चोरी के गुर सिखाते थे अजय पाल और परमानंद
तीनों किशोरों ने बताया कि उनकी उम्र 14 से 15 वर्ष है। परमानंद और अजय पाल ने उन्हें चोरी करना सिखाया। मोबाइल की चोरी कैसे की जाती है। साथ ही अन्य सामान कैसे चुराया जाता है, यह भी बताते थे। वे लोग चोरी का सामान अजय पाल और परमानंद को देते थे। परमानंद और अजय पाल मोबाइल के ग्राहक खोजते थे। इसके बाद उन्हें उनका कमीशन मिल जाता था।
कमीशन पर करते हैं काम
बच्चों ने बताया कि वे लोग कमीशन पर काम करते हैं। चोरी के बाद का काम अजय और परमानंद का होता है। ये लोग मोबाइल बेचते हैं। मोबाइल बेचने के बाद वे लोग 30 प्रतिशत देते हैं। साथ ही एक मोबाइल व सौ रुपये अलग से देते हैं। किशोरों ने बताया कि अब तक वे लोग करीब 15 मोबाइल चोरी करके अजय और परमानंद को दे चुके हैं।
