लखीमपुर-खीरी: शोहदे ने छात्रा से की छेड़छाड़, लोगों ने आरोपी की पिटाई कर पुलिस को सौंपा
नहर पटरी से होते हुए स्कूल जा रही थी छात्रा
demo image
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। स्कूल पढ़ने जा रही एक छात्रा को मंगलवार की सुबह एक शोहदे ने नहर पटरी पर रोक लिया और उससे छेड़छाड़ करने लगा। परेशान छात्रा के शोर मचाने पर लोगों ने आरोपी को घेर कर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। बाद में उसे सदर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया।
शहर की एक 16 वर्षीय किशोरी इंटरमीडिएट की छात्रा है। वह रोज की तरह नहर पटरी से होते हुए मंगलवार की सुबह स्कूल जा रही थी। सुबह करीब आठ बजे पीछा करते हुए जा रहे शोहदे ने मौका देखकर छात्रा को दबोच लिया और छेड़छाड़ करने लगा। छात्रा के विरोध करने पर उसे थप्पड़ भी जड़ दिए। छात्रा के शोर मचाने और शोहदे की हरकत को देख कर तमाम लोग दौड़ पड़े और आरोपी को घेर कर पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने पहले आरोपी की जमकर पिटाई की।
छात्रा की सूचना पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बाद में आरोपी को पकड़कर कोतवाली लाए और पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित छात्रा ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। प्रभारी निरीक्षक सदर अंबर सिंह ने बताया कि आरोपी पुलिस की हिरासत में है। छात्रा ने तहरीर दी है। जांच चल रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: परिजनों ने शव का रोका अंतिम संस्कार, मचा हड़कंप
