प्रयागराज: अफजाल अंसारी की अपील पर बुधवार को भी होगी सुनवाई, जानिए क्या है मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। इलाहाबाद हाईकोर्ट में गाजीपुर से सांसद अफजाल अंसारी की अपील पर 21 मई यानी मंगलवार को 2 घंटे तक चली सुनवाई के दौरान अंसारी के अधिवक्ताओं ने पक्ष रखते हुए सजा खत्म करने की मांग की, साथ ही कोर्ट को बताया गया कि लंबित मुकदमे के कारण अफजाल अंसारी के चुनाव लड़ने को लेकर संशय बना हुआ है। अतः कोर्ट से सजा रद्द करने की मांग की गई। 

हालांकि राज्य सरकार और भाजपा विधायक रहे कृष्णानंद राय के पुत्र पीयूष राय के अधिवक्ताओं ने अंसारी की सजा बढ़ाने की मांग की। समयाभाव के कारण कोर्ट ने मामले को 22 मई के लिए स्थगित कर दिया। अब बुधवार को होने वाली सुनवाई अंसारी के चुनाव लड़ने या ना लड़ने का फैसला करेगी। मालूम हो कि गाजीपुर एमपी/एमएलए कोर्ट द्वारा मिली 4 साल की सजा के खिलाफ अफजाल अंसारी ने हाईकोर्ट में अपील दाखिल की है। कोर्ट ने अफजाल अंसारी की अपील के साथ पीयूष राय की तरफ से अंसारी की सजा बढ़ाने की मांग लेकर दाखिल अपराधिक पुनरीक्षण याचिका को अपील के साथ ही सुनवाई हेतु प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। 

दूसरी ओर राज्य सरकार ने भी अंसारी को मिली सजा बढ़ाने के लिए अपील दाखिल की है। सभी मामलों की संयुक्त रूप से सुनवाई न्यायमूर्ति संजय कुमार सिंह की एकलपीठ के समक्ष हो रही है। अब इस मामले को बुधवार को भी सुना जाएगा।

ये भी पढ़ें -जब मैं दोषी नहीं हूं तो स्वीकार क्यों करूं? कोर्ट में बृजभूषण सिंह ने यौन उत्पीड़न के आरोपों से किया इनकार

संबंधित समाचार