सुल्तानपुर : बुलेट से प्रचार करने जा रहे सपा समर्थकों की पिटाई, छीनी नगदी
तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, कर रही जांच
अमृत विचार, सुलतानपुर। बुलेट से समाजवादी पार्टी का प्रचार करने जा रहे समर्थकों ने पिटाई का आरोप लगाते हुए नगदी छीने जाने की बात कही है। पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए तीन लोगों पर कारवाई की मांग की है। तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर निवासी गोविन्द निषाद ने पुलिस को तहरीर दी है। उसने पुलिस को बताया कि सोमवार की शाम वह शिव पूजन के साथ बुलेट से बेलहरी पार्टी के प्रचार के लिए जा रहा था। आरोप है कि तभी अपने ईट भट्ठे पर बैठे गुरेगांव निवासी सुनील सिंह ने राहुल व सुमित को भेजा कर कहा कि दोनांे को पकड़ कर मारो।
दोनों जैसे ही बेलहरी नाले के पास पहुंचे थे तभी दोनों लोगों को गाली गलौज देते हुए मारने पीटने लगे। बुलेट को तोड़ते हुए जेब में रखा तीन हजार रुपए भी छीन लिए। ईट भट्ठे पर लाकर फिर दोनों को मारा पीटा साथ ही धमकी भी दी कि अगर थाने पर जाओगे तो जान से मार देंगे। पिटाई की बात सुनते ही आक्रोशित हुए निषादो ने गोसाईगंज थाने का घेराव कर प्रदर्शन भी किया। गोसाईगंज थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है।
दिन भर खूब वायरल हुआ गाली देने का आडियो
एक आडियो दिन भर खूब वायरल हुआ। जिसमें एक व्यक्ति किसी को फोन करके खूब गालियां दे रहा है और धमकी दे रहा है। साथ ही 25 के बाद देख लेने के बात कह रहा है। इस आडियो को इसी घटना से जोड़कर बताया जा रहा है। हालांकि, वायरल आडियो की पुष्टि अमृत विचार नहीं करता है।
