प्रतापगढ़ : भ्रष्टाचार में डूबा है इंडी गठबंधन : बृजेश पाठक
डिप्टी सीएम की जनसभा में पूर्व प्रमुख विनोद को मंच पर देख बिफरे पूर्व विधायक धीरज ओझा,
अमृत विचार, प्रतापगढ़। प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मंगलवार को लच्छीपुर रानीगंज में एनडीए भाजपा उम्मीदवार संगम लाल गुप्ता के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित करने पहुंचे। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कहा कि राम द्रोही आज जनता के बीच चुनाव लड़ने आए हैं, वोट मांग रहे हैं। इंडी गठबंधन पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है।
कांग्रेस सरकार में कामनवेल्थ घोटाला, कोयला घोटाला हुआ। उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी ने गरीबों को आवास दिया है। महिलाओं के लिए इज्जत घर बनवाया है। पहले पानी के लिए संघर्ष होता था, आज मोदी ने टोंटी का पानी पहुंचाकर हर घर को सुविधा दी है। कांग्रेस और सपा ने देश को बर्बाद कर दिया, लूटकर खोखला कर दिया। साइकिल पंक्चर हो गई है, उसमें हवा नहीं रही। डिप्टी सीएम ने कहा कि योगी सरकार में माफिया जेल में हैं। भाजपा इस बार चार सौ पार सीट पाएगी।
उपमुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचने के पहले रानीगंज के पूर्व भाजपा विधायक अभय कुमार धीरज ओझा करीब 12.30 बजे पहुंचे। वह जहां सभास्थल पर भीड़ बैठी थी, आगे कुर्सी पर बैठ गए, मंच पर नहीं जा रहे थे। वह अपने धुर विरोधी पूर्व प्रमुख सपा नेता विनोद दुबे को भाजपा में शामिल करने के प्रस्ताव का विरोध कर रहे थे। इधर मंच पर विनोद पहले से मौजूद रहे। माहौल बिगड़ता देख भाजपा नेता कृष्णकांत मिश्र आए और धीरज को समझाने लगे। सीओ विनय प्रभाकर साहनी ने भी समझाया तो पूर्व विधायक धीरज ओझा मंच पर गए और भाषण दिया।
इस दौरान पूर्व ब्लाक प्रमुख शिवगढ़ विनोद दुबे और धीरज के समर्थकों ने अपने-अपने नेता के लिए जिंदाबाद के नारे लगाये। पुलिस को भी हस्तक्षेप करके लोगों को शांत कराना पड़ा। भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि विनोद दुबे मंच पर जरूर थे, पर उनको पार्टी ज्वाइन नहीं कराई गई है। इस दौरान सदर विधायक राजेन्द्र मौर्य, पूर्व मंत्री सुरेश राणा,पूर्व मंत्री प्रो. शिवाकांत ओझा,भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव,कौशलेंद्र सिंह पटेल, पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ल, ब्लाक प्रमुख सत्यम ओझा,पूर्व प्रमुखु पूर्णाशु ओझा,आत्म प्रकाश मिश्र,विनोद तिवारी सहित लोग मौजूद रहे।
