पीलीभीत: तराई में चढ़ा पारा...गर्मी ने बेहाल, बाजार में एसी-कूलर की बढ़ गई डिमांड
पीलीभीत, अमृत विचार: भीषण गर्मी में तापमान के साथ कूलर-पंखे एवं एसी के बाजार में तेजी आई है। जिन उत्पादों की बिक्री जून के महीने में होती थी, उनकी डिमांड मई में ही बढ़ चुकी है।
बढ़े तापमान और फाइनेंस की सुविधा होने से इस बार कूलरों के साथ एसी की भी बंपर बिक्री हो रही है। वहीं दामों की बात करें तो पिछती वर्ष की तुलना में इस बार कूलर-पंखे के दामों में 20 फीसदी, जबकि एसी के दामों में 15 फीसदी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। फिलहाल मई के महीने में जिस तरह से तापमान बढ़ रहा है, उससे इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बेचने वाले कारोबारी कूलर, एसी आदि की डिमांड बढ़ने की संभावना जता रहे हैं। वहीं देसी फ्रिज कह जाने वाले मटकों का चलन भी इस बार बढ़ता दिखाई दे रहा है।
तराई के इस जिले में पिछले सालों में वैशाख के महीने में गर्मी की ठीकठाक शुरुआत मानी जाती थी, लेकिन इस बार वैशाख के महीने में ऐसा पहली बार है कि जिले में तापमान 40 और 41 डिग्री तक पहुंच रहा है। मौसम विशेषज्ञ आने वाले दिनों में और अधिक तापमान बढ़ने की संभावना जता रहा है। ऐसे में गर्मी में बेहाल लोग गर्मी से निजात पाने के लिए कूलर-एसी का सहारा ले रहे हैं।
बढ़ते तापमान के बीच गर्मी से निजात पाने वाले इलेक्ट्रानिक उत्पादों की डिमांड भी तेजी से बढ़ती दिखाई दे रही है। शहर की बात करें तो यहां 50 से अधिक इलेक्ट्रॉनिक की दुकानें हैं। जहां एसी कूलर, पंखे, फ्रिज आदि इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की बिक्री होती है। बढ़ते तापमान और कूलर-एसी आदि की बढ़ती डिमांड को देखते हुए कुछ कारोबारियों ने बकायदा इन उत्पादों का स्टॉक भी कर लिया है।
इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की बिक्री करने वाले कारोबारियों की मानें तो इस बार कूलर की तरह की एसी भी डिमांड बढ़ रही है। सबसे ज्यादा लोग एक टन से लेकर डेढ़ टन का एसी की खरीदारी कर रहे है। कुछ दुकानों पर तो रोजाना ही दो से तीन एसी की बिक्री हो रही है। इन दिनों एक टन का एसी 29 हजार रुपये से लेकर 35 हजार रुपये तक की कीमत में आ रहा है। हालांकि एसी महंगा होता है, ऐसे में मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए गर्मी से बचने के लिए कूलर ही बेहतर विकल्प साबित होता है।
ऐसे में मीडियम कूलर और साइलेंट कूलर की डिमांड बाजार में अधिक देखी जा रही है। कूलर के दामों की बात करें तो बाजार में 2500 रुपए से लेकर 20 हजार रुपए कीमत के कूलर उपलब्ध हैं। बढ़ती गर्मी को देखते हुए घरों में फ्रिज की डिमांड भी बढ़ी है। कारोबारियों की मानें तो जिस तरह से तापमान बढ़ रहा है ऐसे में यह कारोबार अगले माह और ऊंचाइयों पर जा सकता है।
महंगाई के बीच भी बढ़ रही बिक्री
बढ़ते तापमान और महंगाई के बावजूद गर्मी से निजात दिलाने पर इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की बिक्री में खासा उछाल देखा जा रहा है। कारोबारियों के मुताबिक पिछले साल की तुलना में इस बार 15 से 20 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है। कूलर-पंखों के दामों में 20 फीसदी से अधिक बढ़ोत्तरी हुई है, जबकि एसी के दामों में 10 फीसदी से अधिक की बढ़ोत्तरी हुई है। वहीं स्थानीय स्तर पर बनने वाले कूलरों के दामों में भी पिछले साल के मुकाबले बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। कूलर बनाने वालों के मुताबिक कूलर बनाने का सामान महंगा होने के कारण इसके दाम बढ़े हैं।
एग्जास्ट फैन व पंखे के दाम भी बढ़े
एसी, कूलर और फ्रिज के अलावा इस बार गर्मी में पंखे और एग्जास्ट फैन की कीमतें भी बढ़ी हैं। जो पंखा दो हजार का था वह इस बार 2200 से 2300 रुपए में बिक रहा है। एग्जास्ट फैन की डिमांड भी बढ़ती दिखाई दे रही है। ऐसे में इसके दामों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। बाजार में इस बार 1500 से 4000 रुपए के एग्जास्ट फैन बिक रहे हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार इनके दामों में भी 100 से 200 रुपए की बढ़ोत्तरी होना बताया जा रहा है।
जगह-जगह खुली ठंडे पेय पदार्थों की दुकानें
लोगों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए शहर में जगह-जगह ठंडे पेय पदार्थों की दुकानें भी खुल गई हैं। शहर के प्रमुख मार्गों और बाजार में खुली लस्सी, कोल्ड ड्रिंक और गन्ने के रस की दुकानें लोगों को राहत पहुंचा रही हैं। शीतल पेय पदार्थ बेचने वालों ने बताया कि पखवाड़ा भर से अचानक गर्मी बढ़ गई है। ऐसे में लोग गर्मी से निजात पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं।
पिछले साल की तुलना में इस बार गर्मी में एसी-कूलर की डिमांड बढ़ी है। खासकर एसी की बिक्री ज्यादा हो रही है। इसकी वजह यह है कि एक तो शहर में बिजली ठीकठाक मिल रही है, वहीं एसी की खरीदारी में फाइनेंस की सुविधा भी है। इसके अलावा अन्य उत्पादों की बिक्री में बढ़ोत्तरी हो रही है- संदीप अग्रवाल, कारोबारी
इस बार तापमान तेजी से बढ़ा है। गर्मी अधिक पड़ने से एसी, कूलर, फ्रिज की डिमांड पिछले साल की अपेक्षा ज्यादा बढ़ी है। खास बात यह है कि इन सभी के दामों में पिछले के मुकाबले अच्छी खासी बढ़ोत्तरी हुई है, इसके बावजूद डिमांड बढ़ती जा रही है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कारोबार और भी बेहतर होगा- अफरोज जिलानी, कारोबारी
