PM मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले-संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने अपनी ही पार्टी के संविधान की धज्जियां उड़ाईं 

PM मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले-संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने अपनी ही पार्टी के संविधान की धज्जियां उड़ाईं 

बस्ती/लखनऊ, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिले में एक बड़ी जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) को पाकिस्तान का सरपरस्त करार देते हुये कहा कि संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस ने आपातकाल लागू कर और पिछड़े वर्ग के तत्कालीन अध्यक्ष सीताराम केसरी को फुटपाथ पर फेंक कर अपनी ही पार्टी के संविधान की धज्जियां उड़ाई थीं। पालीटेक्निक ग्राउंड पर बस्ती ,सिद्धार्थनगर और डुमरियागंज के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुये मोदी ने कहा “ कांग्रेस और सपा वालों को अचानक संविधान की याद आ गयी है। इसी कांग्रेस ने 70 के दशक में आपातकाल लगाकर संविधान को खत्म करने की भरपूर कोशश की थी। यह वहीं पार्टी है जिसने अति पिछडे वर्ग के पार्टी अध्यक्ष सीताराम केसरी को एक शाम कांग्रेस दफ्तर के बाथरुम में बंद कर दिया था और मैडम सोनिया जी की टोली ने उन्हे फुटपाथ पर फेंक दिया था और रातों रात सोनिया गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बना दिया गया था। 

सपा पर निशाना साधते हुये उन्होने कहा “ बाबा साहब डा भीमराव अंबेडकर के संविधान की कद्र न करते हुये सपा ने हमेशा दलितों के आरक्षण का विरोध किया और संविधान के परे जाकर आज दलितो एवं पिछडों को आरक्षण छीनकर वोट जिहाद करने वालों को इसका हिस्सा देना चाहते हैं। कांग्रेस मुस्लिमों को आरक्षण देने के लिये अंबेडकर का संविधान बदलना चाहती है जबकि सपा भी दलित पिछडों के विरोध में कांग्रेस के साथ खडी है। इनको पक्का सबक सिखाना है। ”

16 - 2024-05-22T142335.359

अयोध्या में राम मंदिर का जिक्र करते हुये उन्होने कहा कि कई लोगों को अपने बच्चे का जन्मदिन और शादी की वर्षगांठ याद नहीं रहती मगर वे 22 जनवरी 2024 को कभी नहीं भूलते क्योंकि इसी दिन अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुयी थी। पूरा देश राम से राष्ट्र, विरासत से विकास और अध्यात्म से आधुनिकता के मंत्र को आत्मसात करते हुये आगे बढ़ रह है। भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बडी अर्थव्यवस्था बन चुका है। भारत का पूरी दुनिया में कद और सम्मान बढा है। भारत अब वैश्विक मंचों पर बोलता है तो पूरी दुनिया बडे ध्यान से सुनती है। भारत फैसले लेता है तो दुनिया उसके साथ अपने कदम मिलाने की कोशिश करती है। आतंक का सरपरस्त देश जो आंख दिखाता है और धमकियां देता था। आज उनकी हैसियत ‘न घर का न घाट का’ का जैसी हो गयी है। उन्होने कहा “ पाकिस्तान तो पस्त पड गया है मगर उसके हमदर्द सपा कांग्रेस भारत को डराने मे जुटे हैं। वे कहते हैं कि पाकिस्तान से डरो, उसके पास एटम बम है। उन्हे यह नहीं पता कि 56 इंच का सीना क्या हाेता है। उन्हे पता होना चाहिये कि आज देश में कांग्रेस की कमजोर सरकार नहीं बल्कि मोदी की मजबूत सरकार है। 

पीएम ने कहा कि राम मंदिर पर अनर्गल बयानबाजी करने वाले सपा नेताओं की आका कांग्रेस है जो राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला पलटना चाहती है। ये राम मंदिर पर बाबरी ताला लगाने का सपना देख रहे है। यह रामलला को फिर से टेंट पर भेजना चाहते है। इन पर वोट की करारी चोट करनी चाहिये। 

16 - 2024-05-22T142533.218

नए भारत में गढ़े जा रहे नई प्रगति के नए पैमाने 
जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत प्रगति के नये पैमाने गढ़ रहा है। बस्ती में भाजपा प्रत्याशी हरीश द्विवेदी,संतकबीर नगर से प्रवीण निषाद और डुमरियागंज से जगदंबिका पाल के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होेन कहा कि आज भारत में विरासत व विकास का अद्भुत संगम दिख रहा है। पहले स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर पूर्वांचल में सिर्फ बीएचयू व गोरखपुर में मेडिकल कॉलेज था, लेकिन आज गोरखपुर में एम्स, महराजगंज, बस्ती, सिद्धार्थनगर समेत हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का कार्य हुआ। मासूम 40 वर्ष से इंसफेलाइटिस से दम तोड़ता था। यहां के बचपन को बचाने के लिए मोदी जी ने स्वच्छ भारत अभियान, हर घर नल योजना और मेडिकल कॉलेज जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं दी हैं। 

17 - 2024-05-22T142652.892

योगी ने कहा “ यह चुनावी संग्राम रामभक्त और रामद्रोहियों के बीच चल रहा है। मोदी जी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर व विकसित भारत बनाना है। यह क्षेत्र कभी तरसता था कि एक चीनी मिल चल जाती। आज नई चीनी मिलें चल रही हैं। गन्ना मूल्य का भुगतान हो रहा है। कांग्रेस के समय में बंद हुआ गोरखपुर फर्टिलाइजर कारखाना 110 फीसदी से अधिक क्षमता से कार्य कर रहा है। नए भारत की नई प्रगति के नए पैमाने गढ़े जा रहे हैं। ” श्री योगी ने कहा कि पांच चरणों के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। पूरे देश के लोगों को चार जून के परिणाम के बारे में कोई संदेह नहीं रह गया है। चारों तरफ जनमानस उद्घोष कर रहा है- 'फिर एक बार मोदी सरकार', 'अबकी पार-400 पार'। यह बात सुनते ही कांग्रेस व सपा के इंडी गठबंधन को चक्कर आने लगता है, क्योंकि दोनों मिलकर भी 400 सीटों पर चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। यह लोग पूछते हैं कि ऐसा नारा क्यों, तब जनता कहती है- चाहे जितना जोर लगा लो, जीतेंगे तो मोदी ही, क्योंकि जो राम को लाए हैं-हम उनको लाएंगे। मोदी जी ने 500 वर्ष का इंतजार समाप्त कराकर प्रभु रामलला को अयोध्या में विराजमान कर दिया है। उन्होने अपील की कि फिर मोदी सरकार लाने के लिए सभी लोग प्राण-प्रण से जुटें। हर एक सीट को मोदी जी के श्रीचरणों में समर्पित कर यूपी की सभी 80 सीटों पर कमल खिलाएं और 400 पार के लक्ष्य को प्राप्त करने में अपना योगदान दें। 

जनसभा में केंद्रीय मंत्री व अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल, सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाशराजभर, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, प्रदेश सरकार के मंत्री दारा सिंह चौहान, राकेश सचान, दानिश अंसारी, विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, विधायक श्रीराम चौहान, जयप्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -जौनपुर में सीएम योगी ने की जनसभा, कहा- सपा की रैलियों में भगदड़-मारपीट अराजकता का प्रतीक