पीलीभीत: जिसकी खातिर शादी से एक दिन पहले छोड़ा घर, वो प्रेमी भी निकला बेवफा...अब दर्ज हुई एफआईआर
पूरनपुर, अमृत विचार। शादी से एक दिन पहले परिवार को छोड़कर जाने वाली युवती को उसके प्रेमी ने भी दगा दे दिया। शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और अब मुकर गया। एसपी के आदेश पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की है।
लखीमपुर जनपद की रहने वाली एक युवती ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका प्रेम प्रसंग कस्बा माधोटांडा के रहने वाले युवक से था। युवती का निकाह 14 नवंबर 2023 को होने वाला था। निकाह से एक दिन पहले युवती माधोटांडा में रहने वाले प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई। आरोप है कि प्रेमी ने उसे तीन दिनों तक पूरनपुर के मोहल्ला ढका में रखा। वहां शादी का झांसा देकर प्रेमी ने उसका शारीरिक शोषण किया।
युवती ने प्रेमी से कई बार शादी करने को कहा लेकिन युवक हर बार कुछ दिनों में ही शादी करने की बात कहकर टाल मटोल करता रहा। अब युवती से शादी करने से ही इनकार कर दिया। पुलिस ने पहले इस मामले को गोला गोकर्णनाथ कोतवाली क्षेत्र का बताकर टाल दिया था। जिस पर युवती ने एसपी के समक्ष पेश होकर दुखड़ा सुनाया और न्याय की गुहार लगाई। अब एसपी के आदेश पर पूरनपुर कोतवाली पुलिस ने उसके प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है।
ये भी पढे़ं- पीलीभीत: लापरवाही पर भड़का आक्रोश...हाईवे जाम कर नारेबाजी, नहर में युवक के छलांग लगाने का है मामला
