प्रतापगढ़ : अखिलेश यादव की जनसभा कल,राजा भैया समर्थकों ने झोंकी ताकत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़ अमृत विचार : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को जीआईसी मैदान पर चुनावी जनसभा में आ रहे हैं। इस रैली को सफल बनाने के लिए सपा के साथ राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल के कार्यकर्ता भी जुटे हुए हैं। जिसके चलते भाजपा प्रत्याशी संगल लाल गुप्ता की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। क्योंकि, राजा भैया का इस क्षेत्र में भी खासा प्रभाव देखा गया है। उनके साथ नहीं होने से वोटों के नुकसान की संभावना है।

बीते दिनों राजा भैया के खिलाफ केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के बयान ने यूपी की सियायत में नई सरगर्मी पैदा कर दी है। दरअसल, 18 मई कुंडा में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने जनसभा में राजा भैया का नाम लिए बिना ही निशाना साधते हुए कहा था कि राजा अब रानी के पेट से नहीं बल्कि ईवीएम बटन दबाने से पैदा होता है।

कुंडा विधानसभा क्षेत्र के मानिकपुर में अनुप्रिया पटेल ने चुनावी जनसभा में कौशाम्बी लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर को जिताने के लिए क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की थी।हालांकि जनसत्ता दल के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने कौशाम्बी में लोकसभा चुनाव से पहले ही न्यूट्रल रहने का फैसला लिया था।  उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं व समर्थकों के सामने कहा था कि वो अपने विवेक से जिसे चाहे वोट कर सकते हैं। अनुप्रिया पटेल के बाद नाराज जनसत्ता दल के समर्थकों ने खुलेआम इंडिया गठबंधन के सपा प्रत्याशी का प्रचार शुरू कर दिया।

इसके बाद प्रतापगढ़ संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी संगम लाल गुप्ता द्वारा अनुप्रिया पटेल की मौजूदगी में क्षत्रियों को लेकर दिये गए बयान के बाद विरोध और मुखर हो गया है। गुरुवार को अखिलेश यादव की रैली को सफल बनाने के लिए सपा,कांग्रेस  के साथ जनसत्ता दल के कार्यकर्ता भी जुटे हुए हैं।

 

 

 

संबंधित समाचार