मुरादाबाद: दोस्त की बहन पर टिप्पणी करने पर डांस टीचर की हत्या
मुरादाबाद,अमृत विचार। दोस्त की बहन पर अश्लील टिप्पणी करना डांस टीचर के लिए जानलेवा साबित हो गया। गुस्साए दोस्त ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर डांस टीचर को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। बाद में शव जंगल में फेंककर फरार हो गए। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने शक के आधार …
मुरादाबाद,अमृत विचार। दोस्त की बहन पर अश्लील टिप्पणी करना डांस टीचर के लिए जानलेवा साबित हो गया। गुस्साए दोस्त ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर डांस टीचर को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। बाद में शव जंगल में फेंककर फरार हो गए। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने शक के आधार पर दोस्तों को उठाया तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर पीएम को भेज दिया। तीनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है। वहीं शिक्षक का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मझोला थाना क्षेत्र के प्रीत विहार कालोनी निवासी आकाश कुमार अपने नौ भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह मझोला क्षेत्र स्थित सेंट मीरा अकादमी में डांस टीचर था। बताते हैं कि 14 अक्टूबर की सुबह एक फोन आने के बाद वह घर से चला गया था। इसके बाद से गायब हो गया। काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा तो बड़े भाई विकास ने मझोला थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस खुलासे में जुट गई थी। पुलिस ने तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया।
एसपी सिटी अमित आनंद ने बताया कि प्रीत विहार निवासी अजय, वरुण और राजीव सैनी को गिरफ्तार किया गया है। उनकी निशानदेही पर नया मुरादाबाद हर्बल पार्क के पास से आकाश का शव बरामद कर लिया गया है। बकौल एसपी सिटी आकाश ने अपने दोस्त अजय भारद्वाज की बहन को लेकर अश्लील टिप्पणी कर दी थी। जिससे खफा होकर अजय ने उसकी हत्या करने की योजना बनाई। राजीव सैनी और वरुण भारद्वाज को भी इस योजना में शामिल कर लिया।
तीनों ने 14 अक्टूबर को आकाश को शराब पीने की दावत दी। बाद में चारों दोस्त स्कूटी में सवार होकर हर्बल पार्क पहुंचे। यहां पर सभी ने शराब पी। जब आकाश नशे में हो गया तो गोली मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। एसपी सिटी के अनुसार वारदात में प्रयुक्त तमंचा और दोनों स्कूटी बरामद कर ली गई हैं। तीनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
