बिलारी: बदमाशों की गोली से घायल दुकानदार की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/बिलारी/अमृत विचार। लूट का विरोध करने पर बदमाशों की गोली से घायल दुकानदार की उपचार के दौरान मौत हो गई। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां पर रविवार की दोपहर उसने दम तोड़ दिया। दुकानदार की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में …

मुरादाबाद/बिलारी/अमृत विचार। लूट का विरोध करने पर बदमाशों की गोली से घायल दुकानदार की उपचार के दौरान मौत हो गई। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां पर रविवार की दोपहर उसने दम तोड़ दिया। दुकानदार की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।

शुक्रवार की रात बदमाशों ने बिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम नौसेना निवासी प्रेमपाल के घर को निशाना बना लिया था। प्रेमपाल घर पर ही परचून की दुकान चलाता था। इसके अलावा चाऊमीन व बर्गर का ठेला लगाता था। शुक्रवार की रात वह पत्नी रेखा और दो बच्चों के साथ घर में सो रहा था। देर रात चार बदमाशों ने पहले दुकान का सामान समेट लिया फिर परिजनों को गन प्वाइंट पर लेने के बाद जेवर व नकदी समेत करीब एक लाख का माल लूट लिया था।

इस बीच मौका पाकर प्रेमपाल एक बदमाश से भिड़ गया और उसकी बंदूक छीन ली। मौके पर आए दूसरे बदमाश ने उसे गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग भी की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने घटनास्थल का मौका मुआयना करने के बाद जल्द खुलासे के निर्देश देते हुए तीन टीमों को लगा दिया।

वहीं पुलिस ने प्रेमपाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर परिजनों ने कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर रविवार की दोपहर उपचार के दौरान प्रेमपाल की मौत हो गई। दुकानदार की मौत की सूचना जैसे गांव में परिजनों को मिली तो कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पीएम को भेज दिया है। वहीं खुलासे में लगी टीमें अभी तक खाली हाथ हैं।

सीओ बिलारी रामसागर ने बताया कि उपचार के दौरान प्रेमपाल की मौत हो गई। शव पीएम को भेज दिया गया है। वहीं बदमाशों की सदतलाश में लगातार दबिश दी जा रही हैं। फिलहाल कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।

संबंधित समाचार