मुरादाबाद : 42 हजार का है लक्षय, अब तक 1300 स्ट्रीट वेंडर्स को मिला कर्ज
मुरादाबाद,अमृत विचार। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जिले के 1300 स्ट्रीट वेंडर्स को एक करोड़ 30 लाख रुपये का कर्ज मिला है। जिले में सरकार ने जो लक्ष्य रखा था, कोरोना काल में नगर निगम और बैंक द्वारा संयुक्त रूप से उसे मात्र तीन फीसदी ही पूरा किया जा सका है। हालांकि 9000 जरूरतमंदों का …
मुरादाबाद,अमृत विचार। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जिले के 1300 स्ट्रीट वेंडर्स को एक करोड़ 30 लाख रुपये का कर्ज मिला है। जिले में सरकार ने जो लक्ष्य रखा था, कोरोना काल में नगर निगम और बैंक द्वारा संयुक्त रूप से उसे मात्र तीन फीसदी ही पूरा किया जा सका है। हालांकि 9000 जरूरतमंदों का यह लोन स्वीकृत किया गया है। बैंक का दावा है कि जल्द ही इन सभी को योजना के तहत दस हजार रुपये कर्ज के रूप में दिए जा सकेंगे।
कोरोना काल में लाकडाउन के दौरान जब सब कुछ प्रभावित हो गया था तो रोज खाने कमाने के पेशे से परिवार का पालन करने वाले भी काफी प्रभावित हुए थे। उनका काम बंद हो गया था। खाद्य पदार्थों (जैसे फल सब्जी आदि) के विक्रेताओं का सामान खराब हो गया था। आर्थिक रूप से आए इस संकट के बाद केंद्र सरकार की ओर से उन्हें कर्ज के माध्यम से सहूलियत दिए जाने की योजना बनाई गई।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जिले में 42 हजार स्ट्रीट वेंडर्स, ठेला, फड़, फेरी वालों को यह लाभ दिए जाने का लक्ष्य रखा गया है। नगर निगम की ओर से सर्वे कर जरूरतमंदों की लिस्ट तैयार की गई, 21 फीसदी से अधिक लोगों की सूची तैयार कर ली गई है। एलडीएम अतुल बंसल ने बताया कि कैनरा, यूनियन बैंक सहित अन्य बैंकों में शिविर आयोजित कर लोन बांटे गए हैं। शिविर में नगर निगम के राजस्व निरीक्षकों की टीम भी शामिल रही।
इस दौरान नौ हजार लोगों के लोन को पास किया गया और तेरह सौ को लाभ दिया गया है। जल्द ही और तेजी के साथ ज्यादा से ज्यादा लोग लाभ पा सकें, इसका प्रयास किया जा रहा है।
