अलीगढ़ के बंदर एक महीने में चट कर गए 35 लाख रुपये की चीनी, रोज खाते थे 37 कुंतल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अलीगढ़। बिहार और हरियाणा में चूहों के लाखों लीटर शराब गटकने के कारनामों के बाद, अब उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 1,137 क्विंटल चीनी चट करके, बंदर सुर्ख़ियों में बने हैं। बंदरों ने जो चीनी खाई है, उसकी कीमत 35 लाख रुपये के आसपास बनती है। कमाल की बात तो ये है कि, उन्होंने एक महीने में ही ये काम किया है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामला अलीगढ़ की साथा चीनी मिल का है, जो साल 2021 से बंद पड़ी है। लेकिन बची हुई चीनी मिल में स्टॉक थी। ज़िला लेखा अधिकारी ने अपनी टीम के साथ मिल पहुंचकर चीनी का ऑडिट किया। तो पता लगा कि एक महीने में 1137 कुंतल चीनी का स्टॉक कम हुआ है। बताया जा रहा है कि अक्टूबर 2023 तक स्टॉक पूरा था। 29 फरवरी 2024 को मिल के स्टॉक में 1538 कुंतल चीनी थी। मगर 31 मार्च आते-आते हालात बदल गए। और स्टॉक घटकर महज 410 कुंतल ही चीनी रह गई। 
 
मतलब, ऑडिट टीम को एक महीने के अंदर कम हुई 1137 कुंतल चीनी का कोईहिसाब नहीं मिला। इतनी भारी मात्रा में चीनी कहां गई? मिल के स्टॉफ से पूछा गया, तो जवाब मिला कि बारिश और बंदरों के कारण स्टॉक कम हुआ है। तर्क दिया गया कि मिल परिसर में बंदरों की बड़ी तादाद है। और वही चीनी का स्टॉक कम होने के जिम्मेदार हैं। 

लेकिन ऑडिट टीम को बंदर और बारिश के कारण चीनी कम होने का जवाब हजम नहीं हुआ। इसलिए भी क्योंकि चीनी मिल में मार्च महीने में जो 1137 कुंतल चीनी घटी है। और अगर उसका कारण बंदर हैं, तो क्या बंदर हर रोज़ 37 कुंतल चीनी खा जाते थे? बंदरों का इतना बड़ा कुनबा चीनी मिल में है तो स्टॉक की रखवाली वाले कहां थे? क्या बंदरों के लिए गोदाम खुला छोड़ दिया गया था। बहुतेरे सवाल है, जिनके सटीक जवाब नहीं मिले हैं। 

कुल मिलाकर बंदरों के 35 लाख की चीनी खाने की बात न तो टीम को हजम हो रही है और न इससे सुनने वालों को। ऑडिट टीम इसकी हकीकत जानने में जुटी है। माना जा रहा है कि जांच के बाद जिम्मेदार अधिकारियों से ही गड़बड़ी की भरपाई होगी। 

नौ लाख लीटर गटक गए थे शराब 
इसी तरह बिहार में वर्ष 2017 में चूहों के करीब 9 लाख लीटर शराब गटकने का मामला सुर्खियों में बना था। शराबबंदी लागू होने के बाद पुलिस ने छापेमार कार्रवाई में ये शराब ज़ब्त की थी, जो बिहार के अलग-अलग थानों में रखी गई थी। लेकिन बाद में बताया गया कि राज्य के जिन थानों में शराब रखी गई थी। वहां के चूहे नौ लाख लीटर शराब गटक गए। 

हरियाणा के चूहे भी झेल चुके शराब का आरोप 
हरियाणा के चूहे भी शराबी होने का इल्ज़ाम झेल चुके हैं। वर्ष 2019 में हरियाणा के फरिदाबाद शहर में पुलिस ने अपनी जांच में बड़ी मात्रा में देसी और अंग्रेजी शराब की अवैध बिक्री पकड़ी थी। तब हजारों लीटर शराब पकड़कर थानों के मालखानों में रखी गई थी। बाद में 29 हजार लीटर शराब गायब मिली। बताया गया कि थानों में चूहे ज्यादा हैं और वही ये शराब गटक गए हैं।

यह भी पढ़ें- गजब आशिकी...'सोनम गुप्ता' के बाद सोशल मीडिया पर छाई 'निशा', युवक ने 10 के नोट पर बयां किया हाल-ए-दिल

संबंधित समाचार