दुस्साहस : मदद के बहाने महिला से चलती कार में दुष्कर्म

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चिनहट थानाक्षेत्र के कमता तिराहे से अगवा करने का आरोप, डेढ़ महीने बाद पीड़िता ने थाने दी तहरीर, पुलिस कर रही जांच

अमृत विचार, लखनऊ। चिनहट इलाके में चलती कार में महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला बहराइच की रहने वाली है। वारदात वाले दिन वह अपने इंदिरानगर निवासी रिश्तेदार के घर आई थी। देर शाम को बहराइच जाने के लिए निकली थी। कमता तिराहे से उसे एक चार पहिया वाहन सवार ने मदद करने का आश्वासन दिया।

इसके बाद कार में बैठाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता ने चिनहट कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है। पीड़िता के मुताबिक 1 अप्रैल की रात करीब 10 बजे महिला लखनऊ से बहराइच जाने के लिए निकली थी। बहराइच वापस जाने के लिए कामता चौराहा, नीलकंठ रेस्टोरेंट के पास खड़ी होकर गाड़ी का इंतजार कर रही थी।

काफी देर इंतजार करने के बाद जब कोई गाड़ी नहीं मिली तो एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो आकर रुकी। उसमें बैठे व्यक्ति ने पूछा कहां जाना है, महिला ने बताया बहराइच। इस पर उसने बताया वह भी बहराइच जा रहा है। उसे छोड़ देगा कहकर गाड़ी में बैठा लिया। कामता से आगे मटियारी चौराहे पर पहुंचा था तभी देवा रोड की तरफ गाड़ी घुमा दी।

असलहा तानकर किया दुष्कर्म

पीड़िता का आरोप है कि स्कार्पियो सवार का जब विरोध किया तो उसने असलहा निकाल लिया। असलहा देखकर वह घबरा गई। इसके बाद आरोपी पीछे वाली पर महिला के बगल में आकर बैठ गया। उसके साथ मारपीट की और असलहा सटाकर दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी का आधार कार्ड गाड़ी में गिर गया। पीड़िता ने कार्ड देखा जिसमें मकसूदपुर सोहावल, गाजीपुर का रहने वाला भारत राय नाम की जानकारी मिली। साथ में जो गाड़ी चलाने वाला व्यक्ति था उसको आरोपी संजीव नाम से पुकार रहा था।

रात भर उसके साथ गलत काम करने के बाद आरोपी पीड़िता को सुबह के समय टेल्को के पास फेंक दिया। बदहवास स्थिति महिला चौकी पर गई। जहां से उसे भगा दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता का शिकायती पत्र मिला हे। महिला को बयान के लिए बुलाया गया है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना 1 अप्रैल की बताई जा रही है। शिकायती पत्र 20 मई का है। हर बिंदु पर जांच की जा रही है।

 

 

 

 

संबंधित समाचार