रामपुर : सुबह से चली लू, तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान
रात्रि तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान , शनिवार को सुबह 37 डिग्री पहुंचा अधिकतम पारा
शनिवार को तपिश से बचने को छाता लगाकर जाती महिला।
रामपुर, अमृत विचार। सुबह से लू चली लोग अपने सिर पर अंगोछे और स्कार्फ लपेटकर निकले। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले तीन दिन में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। रात्रि तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। शनिवार की सुबह अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहा। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि किसान फसलों में उचित सिंचाई करें और खेतों में नमी बनाए रखें। गर्मी से बचने को बच्चों ने ट्यूबवेल और तालाबों के पानी में खूब मस्ती की।
शनिवार को सुबह से आसमान से सूरज तपिश बरसाता रहा। सुबह से ही लू चलना शुरू हो गई सड़कों पर लोग जरूरी कार्यों से ही निकले। अन्यथा अपने घरों और कार्यालयों में काम करते रहे। जो लोग सड़कों पर निकले उन्होंने अच्छी तरह स्वयं को अंगोछे और स्कार्फ से ढक लिया। कुछ लोग घरों से छाता लेकर निकले और सूरज की तपिश से बचने के लिए छाता लगाया।
शहरी क्षेत्र में बेल का शर्बत, गन्ने का जूस और लस्सी पीकर लोगों ने गला तर किया। शनिवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंच गया जिसके चलते लोग गर्मी से बेचैन रहे। मौसम का मिजाज 28 मई तक और तल्ख होगा। मौसम वैज्ञानिक डा. उदय प्रताप शाही की की मानें तो अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
हाल-ए-मौसम
- अधिकतम तापमान-37 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान- 30 डिग्री सेल्सियस
- आर्द्रता- 40 प्रतिशत
- वायु वेग-8 किमी. प्रतिघंटा
28मई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने और लू चलने का अनुमान है। दिन का तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस जबकि,रात्रि का तापमान 30 डिग्री रहने की संभावना है। संभावित तेज गर्मी व लू की दशा में गन्ना, मक्का, सब्जी और अन्य खड़ी फसल में सिंचाई कर उचित नमी बनाए रखें। - डा. उदय प्रताप शाही, मौसम वैज्ञानिक, कृषि विश्वविद्यालय मेरठ
ये भी पढ़ें : रामपुर : चौकीदार की पीट-पीटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
