लखनऊ: पुलिस की मुस्तैदी से बची जान, पत्नी के मायके जाने से परेशान युवक करने जा रहा था सुसाइड
लखनऊ, अमृत विचार। ठाकुरगंज क्षेत्र में पुलिस कर्मियों की मुस्तैदी से फंदा लगाने जा रहे युवक की जान बच गई। पुलिसकर्मी जब पहुंचे तो दरवाजा बंद कर युवक फंदा लगाने जा रहा था। आवाजें देने के बाद भी जवाब नहीं मिलने पर पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़ कर उसे बचा लिया। पत्नी के मायके जाने से परेशान होकर युवक यह कदम उठाने जा रहा था।
इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के मुताबिक, शनिवार सुबह सूचना मिली की बरौरा हुसैनबाड़ी में एक युवक फंदा लगा कर जान देने जा रहा है। आनन-फानन पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने के बाद भी जवाब नहीं मिलने पर पुलिसकर्मी दरवाजा तोड़ कर अंदर पहुंचे तो युवक पंखे के कुंडे में फंदा बांधकर लटकने जा रहा था।
पुलिस कर्मियों ने गले में फंदा बांधने से पहले ही उसे उतार लिया। पूछताछ में पता चला कि युवक का पत्नी से विवाद चल रहा है। पत्नी बच्चों के साथ मायके चली गई थी। वापस न आने के कारण वह आत्मघाती कदम उठाने जा रहा था।
यह भी पढ़ें:-सीतापुर: दोस्त की हत्या करने वाला हत्यारोपी आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार, जानें वजह
