बाराबंकी : पहली पत्नी रहते दहेज की लालच में किया दूसरा निकाह
दूसरी पत्नी ने दिया पुत्र को जन्म, मायके में छोड़ नहीं ली सुध, पति समेत सात के खिलाफ केस दर्ज, जांच शुरु
बाराबंकी, अमृत विचार। पहली पत्नी के रहते झूठ बोलकर दहेज के लालच में दूसरा निकाह कर लिया। इसके बाद विवाहिता के साथ मारपीट कर नगद रुपए लाने का दबाव बनाने लगा। परेशान होकर विवाहिता ने पति, सास, ससुर, ननद सहित सात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया।
मामला थाना व कस्बा रामनगर का है। यहां की निवासी चांदनी पत्नी जाबिर ने रामनगर थाने पर दर्ज कराए गए मुकदमे में कहा है कि उसके पिता नसीर अहमद ने 25 नवंबर 2022 को उसका निकाह गणेशपुर निवासी जाबिर पुत्र जाकिर के साथ किया था। शादी के बाद 22 दिन ससुराल में रही। इस बीच उसे मालूम हुआ कि उसके पति जाबिर के पत्नी व तीन बच्चे पहले से पूना में रहते हैं। 18 मई 2023 को उसके पति जाबिर ससुर जाकिर एवं निकाह करने वाले जाहिद उसे विदा कराने आए तो पिता ने कहा कि झूठ बोलकर तुमने मेरी बेटी से निकाह करवाया है।
इसी के बाद से पति जाबिर, ससुर जाकिर, निकाह करने वाले जाहिद, सास जाकिरा, सास की बहन राजिया, ननद साबरीन, जाकिर का दामाद इकबाल एवं उसकी पत्नी परवीन निवासी भवानीगंज के द्वारा आए दिन दहेज के लिए उसके साथ प्रताड़ित कर मारपीट की जाने लगी। विवाहिता के मुताबिक इस बीच वह दो बार मायके आई लेकिन उसने इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। इसी बीच वह गर्भवती हो गई एक दिन उसके पति जाबिर ने मारपीट करते हुए उसके पेट में लात मार दी जिससे असहनीय दर्द होने लगा और तबियत बिगड़ने लगी।
इस पर उसने फोन के द्वारा अपनी मां को पूरी बात बताई। मां ने जाबिर को फोन कर इलाज कराने के लिए कहा। जिस पर जाबिर ने कहा कि यहां कोई महिला डॉक्टर नहीं है। मां ने कहा रामनगर ले आओ। जिस पर जाबिर मायके छोड़कर चला गया। विवाहिता के मुताबिक 20 फरवरी 2024 को रामनगर सीएचसी पर उसने पुत्र को जन्म दिया। इसकी सूचना ससुराल वालों को दी गई लेकिन किसी ने कोई खोज खबर नहीं ली। काफी प्रयास करने पर उसका पति जाबिर आया और मोबाइल में फोटो खींचकर चला गया। पता चला है कि जाबिर पूना में एक मस्जिद में नमाज पढ़ाने का काम करता है। चांदनी ने जाबिर पर दहेज के रूप में 2 लाख रूपये देने के बाद ही उसे ले जाने का अारोप लगाया है। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर सात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज का जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें -मोहिनी हत्याकांड: पुलिस को चकमा देने के लिए संदिग्धों ने कई बार बदले कपड़े, कई हिरासत में-पूछताछ जारी
