Unnao: चंदन घाट पर झाड़ियों में मिला कई दिन पुराना अज्ञात युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी
उन्नाव, अमृत विचार। गंगाघाट कोतवाली के हाइवे स्थित जाजमऊ चंदन घाट पर सोमवार देर शाम झाड़ियों में कई दिन पुराना शव आस पास के लोगों ने पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना पर क्षेत्रीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को उन्नाव मर्च्युरी में रखवाया है।
सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे चंदन घाट पर मौजूद लोगों को झाड़ियों से दुर्गंध आई तो झाड़ियों में झांक कर देखा, जहां एक चालीस वर्षीय अज्ञात युवक का कई दिन पुराना शव पड़ा था। शव मिलने की सूचना पर क्षेत्रीय लोगों में हड़कंप मच गया। झाड़ियों में शव पड़ा होने पर कुछ लोगों ने हत्या का आशंका जाहिर की है। इसकी जानकारी जाजमऊ चौकी पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को झाड़ियों से बाहर निकलवाया। जिसके बाद आस पास के लोगों को बुलाकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। मृतक नीली जीन्स और पीले रंग की शर्ट पहने हुये था। चौकी इंचार्ज विमल गोयल ने बताया कि शव कई दिन पुराना है।
शव की पहचान नहीं हो सकी है, जिस पर 72 घंटे के लिये शव को उन्नाव मर्च्युरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा। वहीं इससे पहले भी क्षेत्र में कई अज्ञात शव मिल चुके हैं लेकिन पुलिस किसी भी शव की पहचान नहीं करा पाई है।
