अमेठी: लापता युवक का पांचवे दिन मिला शव
अमेठी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से लापता युवक का शव पांचवें दिन पुलिस ने बरामद कर लिया है। मृतक युवक ट्रक ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा था। मृतक परिजनों का कहना है कि युवक 15 अक्टूबर की शाम घर से जायस जाने की बात कहकर मोटरसाइकिल से चला गया था। मृतक के साले …
अमेठी, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से लापता युवक का शव पांचवें दिन पुलिस ने बरामद कर लिया है। मृतक युवक ट्रक ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा था। मृतक परिजनों का कहना है कि युवक 15 अक्टूबर की शाम घर से जायस जाने की बात कहकर मोटरसाइकिल से चला गया था। मृतक के साले के अनुसार शनिवार को मृतक के मोबाइल से फोन आया कि गांधीनगर पैसा लेकर आ जाओ और मकसूद को ले जाओ।
मृतक के पिता रइसुल जमा ने बताया की 35 वर्षीय बेटा मकसूद 15 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे जायस जाने को कहकर गया था। देर रात तक घर वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। खोजबीन के दौरान सुराग न मिलने पर कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। गुमसुदगी की रिपोर्ट दर्जकर पुलिस गायब युवक की तलाश में जुट गई थी। रविवार की सुबह गायब युवक की मोटरसाइकिल नगर के सोनार कुआं के पास से पुलिस ने बरामद की। शक के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
सीसीटीवी फुटेज में मृतक एक व्यक्ति के साथ जाते दिखाई पड़ा। कोतवाली पुलिस उसी को आधार बनाकर सीसीटीवी फुटेज में मृतक के साथ जाते हुए युवक से कड़ाई से पूछताछ व उसकी निशानदेही पर सोमवार की सुबह मोहनगंज कोतवाली क्षेत्र के कूरा गांव के बगल एक कुएं से युवक की लाश बरामद कर ली। पुलिस ने शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को मृतक मकसूद के ही फोन से समय करीब सात बजे उसके साले फारूक के पास आरोपियों ने फोन कर कहा कि पैसा लेकर गांधीनगर आ जाओ और मकसूद को ले जाओ। फिरौती की मांग पूरी न होने पर गला रेत कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि 16 अक्टूबर को मृतक के पिता ने अपने भांजे द्वारा बेटे मकसूद को 15 अक्टूबर को गायब कर देने की सूचना कोतवाली पुलिस जायस को दी थी। सूचना पर 18 अक्टूबर को गुमसुदगी की रिपोर्ट लिखकर तलाश शुरू कर दी गई थी।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सलीम का नाम आया है। पूछताछ करने पर उसने बताया कि मकसूद कई ट्रकें चलवाता है पैसा मांगने पर नहीं दिया इसलिए अपने साथियों के साथ योजनाबद्ध तरीके से उसे मार दिया। कोतवाली पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ में अभियुक्त सलीम ने बताया कि मोहनगंज थाना क्षेत्र के पूरे अहलाद मजरे कूरा रईस उर्फ लल्लन पुत्र मो. नवी व कूरा निवासी संजय पुत्र रामशरण के साथ घटना को अंजाम दिया। कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के पास से मृतक का एटीएम कार्ड व एक अदद मोबाइल बरामद किया है।
पुलिस समय से चेत जाती तो बच सकती थी जान
मृतक की मेहनत तरक्की के बढ़ते मुकाम पर किसी की नजर लग गई। मृतक मकसूद अपनी मेहनत से कम समय में तीन मिनी ट्रक खरीद कर ट्रांसपोर्ट सिस्टम से जुड़ गया था। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक मकसूद अपनी ससुराल थाना नसीराबाद क्षेत्र के गांव चांद का पुरवा मजरे हाजीपुर में अक्सर रहता था। बीच बीच मे परिजनों से मिलने चला आया करता था। इसी दौरान किसी काम से मृतक मकसूद जायस गया और पहले उसे विश्वास में लेकर उसका अपहरण किया गया फिर शनिवार को फिरौती की मांग पूरी न होने पर उनकी गला रेत कर बेरहमी से हत्या कर दी गई।
