एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का दावा: इज्जतनगर स्टेशन से एक भी ट्रेन नहीं होती है ओरिजनेट
पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख स्टेशनों में होती है इज्जतनगर की गिनती
बरेली, अमृत विचार। अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल इज्जतनगर स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित करने का दावा किया जा रहा है। करोड़ों रुपये स्टेशन पर खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी यहां से एक भी ट्रेन ओरिजनेट नहीं होती है। इस स्टेशन से नियमित ट्रेनों की संख्या भी कम है। इसके पीछे स्टेशन पर लाइनों की संख्या कम होना माना जाता है।
पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख स्टेशन इज्जतनगर से 17 जोड़ी नियमित ट्रेनें गुजरती हैं। जबकि इन दिनों 19 जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनें भी यहां से होकर गुजर रही हैं। वर्ष 2016 में कासगंज-लालकुआं रेलखंड के बीच अमान परिवर्तन पूरा होने के बाद स्टेशन को विकसित किया गया। स्टेशन मीटर गेज से बदलकर ब्रॉडगेज में तब्दील हो गया। 2018 तक स्टेशन पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, मगर नतीजा ढाक के तीन पात ही निकला।
यहां चार प्लेटफार्म हैं और इतनी ही लाइनें हैं। जबकि यहां कम से कम सात लाइन की जरूरत है, ताकि अधिक संख्या में रेक प्लेस की जा सकें। लाइनों की संख्या कम होने के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों को यहां से ओरिजनेट करने में समस्या होती है। हालांकि, मीटर गेज के जमाने में यहां कई ट्रेनें ओरिजनेट होती थीं, लेकिन ढांचे में बदलाव के बाद यह मुमकिन नहीं पा रहा है।
सिटी स्टेशन की ट्रेनों का मेंटिनेंस कासगंज में
बरेली सिटी स्टेशन की हालत इज्जतनगर स्टेशन से कुछ बेहतर है। यहां से कुल छह ट्रेनें ओरिजनेट होती हैं, एक-एक डेमू पीलीभीत और टनकपुर के लिए ओरिजनेट होती है। जबकि एक मेमू ट्रेन लालकुआं के लिए ओरिजनेट होती है। इन मेमू और डेमू ट्रेनों का मेंटिनेंस ट्रेन सेट डिपो सीबीगंज में किया जाता है, लेकिन यहां से ओरिजनेट होने वाली आईसीएफ कोच वाली ट्रेनों का मेंटिनेंस कासगंज में किया जाता है।
सिटी और इज्जनगर स्टेशन पर नहीं सिकलाइन
इज्जतनगर और सिटी स्टेशन पर ट्रेनों के मेंटिनेंस के लिए सिकलाइन और वाशिंग लाइन जैसी सुविधा नहीं है। इस वजह से भी इज्जतनगर स्टेशन से किसी ट्रेन को ओरिजनेट नहीं किया जाता। वहीं, रेलवे के अधिकारी भी मानते हैं कि वाशिंग लाइन, सिकलाइन आदि बनाने के लिए बड़ा यार्ड होना चाहिए। इसके लिए दोनों ही स्टेशनों पर जगह नहीं बची।
इज्जतनगर स्टेशन से फिलहाल कोई ट्रेन ओरिजनेट नहीं होती है। बरेली सिटी स्टेशन से छह ट्रेनें ओरिजनेट होती हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तमाम विकास कार्य इन दोनों स्टेशनों पर किए गए हैं-राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर रेल मंडल
ये भी पढे़ं- बरेली: जीजा ने साले को नंगा कर पीटा, वीडियो भी बनाई...रिपोर्ट दर्ज
