बरेली: आज से इज्जतनगर दोहना रेल लाइन पर मेगा ब्लॉक, 5 जून तक रेल प्रशासन ने चार ट्रेनों को किया निरस्त
यांत्रिक कारखाना पर अंडरपास का हो रहा निर्माण
बरेली, अमृत विचार। इज्जतनगर दोहना रेलवे लाइन पर यांत्रिक कारखाना के फाटक संख्या 240 पर अंडरपास निर्माण की वजह से मुख्य लाइन पर बुधवार रात से मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। 5 जून तक अलग-अलग समय में चार से छह घंटे तक ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान चार ट्रेनें निरस्त रहेंगी। इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी होगी।
इज्जतनगर रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को देर रात 21:45 बजे से तड़के 3:45 बजे से छह घंटे और 4 और 5 जून को 21:45 बजे से 1:45 बजे तक ट्रेनों का चार घंटे के लिए ब्लॉक रहेगा। मेन लाइन को काटकर उसके नीचे सेगमेंट बॉक्स रखे जाएंगे। जिसकी वजह से टनकपुर से 29 मई और 4 जून को चलने वाली 05307 टनकपुर-बरेली जंक्शन स्पेशल ट्रेन, बरेली जंक्शन से 30 मई और 5 जून को चलने वाली 05308 बरेली जंक्शन-टनकपुर स्पेशल ट्रेन, पीलीभीत और टनकपुर से 29 मई और 4 जून को चलने वाली 05311/05312 पीलीभीत-टनकपुर-पीलीभीत स्पेशल ट्रेन निरस्त रहेगी।
शंटिंग लाइनों पर भी काम प्रभावित
रेल प्रशासन की तरफ से शंटिंग लाइनों को काटकर उनके नीचे गर्डर रखने का काम मंगलवार को किया गया। रेल अधिकारियों के मुताबिक अधिकतर कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं शंटिंग लाइनों पर कार्य की वजह से शंटिंग कार्य प्रभावित है, जबकि 5 जून के बाद हाईवे के नीचे सेगमेंट बॉक्स रखने का काम किया जाएगा। पुशिंग तकनीक से सेगमेंट बॉक्स रेलवे लाइनों के नीचे रखे जा रहे हैं।
ये भी पढे़ं- बरेली: पॉवर कॉरपोरेशन में भर्ती कराने के बहाने ठगी, फर्जी कॉल लेटर भी दिया
